
नई दिल्ली। केंद्रीय जल संसाधन मंत्रालय द्वारा जल प्रबंधन और संरक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आयोजित छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार-2024 में महाराष्ट्र को सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार प्रदान किया गया। राज्य की ओर से जल संसाधन मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने यह पुरस्कार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से ग्रहण किया। इसी अवसर पर सर्वश्रेष्ठ स्थानीय सरकारी संस्थान श्रेणी में नवी मुंबई नगर निगम को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू ने पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में केंद्रीय जल संसाधन मंत्री सी.आर.पाटिल, राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी, राज्य मंत्री वी.सोमन्ना, विभागीय सचिव वी. एल. कांथाराव और विभागीय सचिव अशोक के.के.मीणा भी उपस्थित थे। मंत्री विखे पाटिल के साथ राज्य जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव दीपक कपूर भी मौजूद थे। जल संसाधन मंत्री राधाकृष्ण विखे-पाटिल ने महाराष्ट्र सदन में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि यह पुरस्कार राज्य सरकार द्वारा लागू की गई नवीन जल प्रबंधन नीतियों, किसानों, जल उपयोगकर्ता संगठनों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है। इस राष्ट्रीय जल रैंकिंग में गुजरात को दूसरा और हरियाणा को तीसरा स्थान मिला।




