
मुंबई। मुंबई स्थित सह्याद्री अतिथि गृह में सोमवार को आयोजित नाशिक महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण की दूसरी वार्षिक बैठक में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में वर्ष 2026–27 के लिए लगभग ₹236.07 करोड़ के अनुमानित बजट को मंजूरी दी गई। बैठक में मुख्यमंत्री ने नासिक रिंग रोड (परिक्रमा मार्ग) के दोनों ओर के क्षेत्रों को चरणबद्ध तरीके से नगर रचना योजनाओं के माध्यम से विकसित कर “आउटर रिंग रोड प्रभाव क्षेत्र” के रूप में विकसित करने को स्वीकृति प्रदान की।इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, विधायक किशोर दराडे, नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव असीम कुमार गुप्ता, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव लोकेश चंद्रा, प्रधान सचिव डॉ. श्रीकर परदेशी तथा महानगर आयुक्त जलज शर्मा उपस्थित रहे। महानगर आयुक्त ने बजट का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। बैठक में वर्ष 2025–26 के लगभग ₹454.5 करोड़ के संशोधित बजट को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा प्राधिकरण के लिए स्वयं की कार्यालय इमारत खरीदने, भूखंड निपटान नियमावली तथा विज्ञापन नीति को भी स्वीकृति प्रदान की गई। सरकारी भूमि प्रबंधन के लिए परामर्शदाता संस्था नियुक्त करने तथा विकास योजनाओं के अंतर्गत भूमि उपयोग मानचित्र तैयार करने हेतु चरणबद्ध तरीके से निधि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। नासिक महानगर क्षेत्र के समग्र और प्रभावी विकास के लिए ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन अर्बन प्लानिंग एंड डिजाइन’ सहित अन्य मान्यता प्राप्त संस्थानों को नॉलेज पार्टनर के रूप में नियुक्त करने को भी मंजूरी दी गई। बैठक में प्राधिकरण की सीमा विस्तार से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई, जिससे भविष्य में क्षेत्रीय विकास योजनाओं को और गति मिलने की संभावना है।




