बॉक्स में मिले युवक के शव का खुलासा, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की थी हत्या
उन्नाव-रायबरेली हाईवे किनारे फेंका गया था शव, पत्नी, प्रेमी समेत तीन गिरफ्तार, एक किशोर हिरासत में

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। रायबरेली-उन्नाव हाईवे पर लोहे के बॉक्स में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक सोनू (30) की हत्या उसकी पत्नी नेहा (42) ने पड़ोसी किरायेदार जितेंद्र (42) के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद शव को चादर और कंबल में लपेटकर लोहे के बॉक्स में बंद किया गया और पिकअप वाहन से हाईवे किनारे फेंक दिया गया। पुलिस के मुताबिक, नेहा और जितेंद्र के बीच प्रेम संबंध थे। इसी को लेकर नेहा और सोनू के बीच अक्सर विवाद होता था। जांच में सामने आया कि दोनों ने मिलकर सोनू को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8 बजे सोनू की हत्या की गई। इसके बाद शव को बॉक्स में रखकर पिकअप में लोड किया गया और रायबरेली-उन्नाव हाईवे किनारे छोड़ दिया गया। वारदात के बाद आरोपी वापस घर लौट आए। मंगलवार रात करीब 10 बजे सदर कोतवाली पुलिस को हाईवे पर हेल्थ हॉस्पिटल के सामने सड़क किनारे संदिग्ध बॉक्स पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने बॉक्स खोला तो उसमें चादर और कंबल में लिपटा खून से लथपथ युवक का शव मिला। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक छोटा हाथी लोडर गदनखेड़ा की ओर से बॉक्स लेकर आता और कुछ देर बाद बिना बॉक्स के कानपुर की ओर जाता दिखाई दिया। पुलिस ने एनपीआर कैमरों की मदद से वाहन का नंबर UP 35 AT 1938 ट्रेस किया। जांच में वाहन राजेश गुप्ता के नाम पर पंजीकृत मिला। इसके बाद पुलिस ने वाहन और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि 20 अक्टूबर को नेहा ने किराये का कमरा खाली करने और सामान दूसरी जगह पहुंचाने के लिए 1,200 रुपये में पिकअप वाहन तय किया था। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान नेहा ने जितेंद्र के साथ मिलकर पति की हत्या करने की बात स्वीकार की। शव को ठिकाने लगाने में तौहीद (34) और एक किशोर की भूमिका भी सामने आई। पुलिस ने बुधवार सुबह नेहा, जितेंद्र और तौहीद को गिरफ्तार कर लिया, जबकि किशोर को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अब हत्या की पूरी साजिश, वारदात में इस्तेमाल सामान और अन्य संभावित सबूतों की जांच कर रही है।
