स्नातक MLC चुनाव की मतदाता सूची में अजब-गजब गड़बड़ी, कहीं नाम ‘राम ने यादव को मारा’ तो कहीं पिता का नाम ‘मूर्ख चंद्र यादव’
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में करीब 30 टंकण त्रुटियां सामने आईं, रिटर्निंग ऑफिसर के निर्देश पर सूची दुरुस्त

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक एमएलसी चुनाव की मतदाता सूची में कई चौंकाने वाली टंकण त्रुटियां सामने आई हैं। कहीं मतदाता का नाम ‘राम ने यादव को मारा’ दर्ज हो गया, तो कहीं पिता का नाम ‘मूर्ख चंद्र यादव’ लिखा मिला। एक अन्य सूची में मतदाता का नाम रवि शर्मा और पिता का नाम ‘राम ने शर्मा को मारा’ दर्ज पाया गया। ऐसी मतदाता पर्चियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। शुक्रवार को होने वाले मतदान से पहले विभिन्न मतदेय स्थलों की मतदाता पर्चियों में नामों की गड़बड़ी सामने आई। कार्यालय क्षेत्र पंचायत फूलपुर के एक मतदेय स्थल की मतदाता पर्ची में मतदाता और उसके पिता के नाम की जगह ‘टक्कर मारना’ लिखा मिला। वहीं कार्यालय क्षेत्र पंचायत बहादुरपुर की एक पर्ची में मतदाता का नाम ‘राम ने यादव को मारा’ और पिता का नाम ‘मूर्ख चंद्र यादव’ दर्ज था। सोशल मीडिया पर ऐसी पर्चियां वायरल होते ही लोग इन्हें तेजी से साझा करने लगे। बताया गया कि इस तरह की अधिकांश गड़बड़ियां प्रयागराज जनपद से संबंधित हैं। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर एवं मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने बताया कि ये त्रुटियां टंकण संबंधी हैं और पूरे निर्वाचन क्षेत्र में ऐसे करीब 30 मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को तत्काल शुद्ध करा लिया गया है। रिटर्निंग ऑफिसर ने यह भी स्पष्ट किया कि लिपिकीय या टंकण त्रुटि के कारण किसी भी मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाएगा। निर्वाचन क्षेत्र के सभी जिलों में कंट्रोल रूम स्थापित किए जा रहे हैं और मतदाता सूची में नाम संबंधी किसी भी शिकायत को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं।
