मुंबई में 24-25 अक्टूबर को ‘ग्रंथाली कविता मुंबई 2026’, कई भाषाओं के कवि होंगे शामिल

दूसरे दिन मराठी कवि एवं लेखक महेश दत्तात्रेय लोंढे को मिलेगा ‘ग्रंथाली कविता मुंबई सम्मान’

मुंबई। साहित्य और कविता प्रेमियों के लिए मुंबई में दो दिवसीय ‘ग्रंथाली कविता मुंबई 2026’ का आयोजन 24 और 25 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इस साहित्यिक आयोजन में हिंदी, मराठी, गुजराती, उर्दू, मैथिली, भोजपुरी, ब्रजभाषा और गोरमाटी सहित विभिन्न भाषाओं के कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से साहित्यिक विचारों और काव्य परंपराओं को साझा करेंगे। आयोजन के पहले दिन 24 अक्टूबर को उद्घाटन सत्र के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता अरुण शेवते करेंगे, जबकि राजेंद्र गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। सत्र का संचालन प्रशांत जैन करेंगे। इस दौरान समय, समाज और कविता जैसे विषयों के साथ विभिन्न भाषाओं की काव्य प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम में धूमिल, दिनकर कर्णाडकर और कैफी आजमी जैसे साहित्यिक नामों से जुड़े विशेष कविता सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में अलग-अलग भाषाओं के कवि अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे और भारतीय साहित्य की बहुभाषी परंपरा की झलक पेश करेंगे। दूसरे दिन 25 अक्टूबर को भी कविता सत्रों की श्रृंखला जारी रहेगी। इसमें विभिन्न भाषाओं और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के कवियों की भागीदारी रहेगी। इसी दिन शाम 4 बजे से 5:30 बजे तक ‘ग्रंथाली कविता मुंबई सम्मान’ समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध मराठी कवि एवं लेखक महेश दत्तात्रेय लोंढे को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह की अध्यक्षता हृदयेश मयंक करेंगे, जबकि संजय कृष्णाजी पाटिल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में सुरेश हिंगलाजपुरकर, अरुण जोशी और धनश्री धरप की भी उपस्थिति रहेगी। समारोह का संचालन रमन मिश्र करेंगे और हरिप्रसाद राय आभार व्यक्त करेंगे। दो दिवसीय ‘ग्रंथाली कविता मुंबई 2026’ का उद्देश्य विभिन्न भारतीय भाषाओं के साहित्यकारों और कवियों को साझा मंच प्रदान करने के साथ मुंबई की बहुभाषी साहित्यिक संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *