
देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की मंत्री बेबी रानी मौर्य की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति समीक्षा हेतु कोर कमेटी एवं जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए मंत्री का मुख्य फोकस जनपद में बिजली, सड़क और पानी की उपलब्धता पर रहा। उन्होंने अधिकारियों से आम जनता को राहत देने के लिए अब तक किए गए कार्यों और योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट मांगी। निर्देश दिए गए कि सभी विभाग अपने-अपने जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। साथ ही नए कार्यों एवं जीर्णोद्धार परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराने के निर्देश दिए गए, ताकि विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचे।
बिजली आपूर्ति पर सख्त निर्देश
भीषण गर्मी को देखते हुए मंत्री ने विद्युत आपूर्ति रोस्टर के अनुरूप नियमित और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। किसानों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, आवश्यक स्थानों पर नए विद्युत पोल लगाने तथा फीडर और लाइनों की नियमित जांच कर समयबद्ध मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा।
जल जीवन मिशन की समीक्षा
जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम समूह पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक घर तक जल संयोजन के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जहां पानी नहीं पहुंच पा रहा है, वहां बूस्टर लगाने का सुझाव दिया गया। सड़क कटिंग के बाद मरम्मत न होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सर्वे कर सभी सड़कों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
पोषण और आंगनवाड़ी केंद्र
आईसीडीएस पोषण अभियान की समीक्षा में जनपद में चिन्हित 5533 सैम/मैम बच्चों में से 4593 बच्चों के सुधार पर संतोष व्यक्त किया गया। वर्ष 2023-24 में 45 आंगनवाड़ी केंद्रों में से 36 पूर्ण और 9 निर्माणाधीन तथा वर्ष 2024-25 में 18 में से 10 पूर्ण और 8 निर्माणाधीन केंद्रों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। वर्किंग वूमेन हॉस्टल और बालिका छात्रावास निर्माण की प्रगति की भी जानकारी ली गई।
तकनीकी शिक्षा और रोजगार पर ज़ोर
वीरांगना झलकारी बाई महिला पॉलिटेक्निक, झांसी में 403 स्वीकृत सीटों के सापेक्ष 286 प्रवेश पर चिंता जताते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार कर इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, फैशन डिजाइनिंग आदि पाठ्यक्रमों में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राजकीय पॉलिटेक्निक झांसी में 415 सीटों के सापेक्ष 376 प्रवेश पर संतोष जताते हुए शेष सीटें भरने को कहा गया। आईटीआई के कार्यों पर संतोष व्यक्त किया गया।
स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की समीक्षा में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत 4,99,591 लाभार्थियों को उपचार उपलब्ध कराने पर संतोष व्यक्त किया गया। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चिन्हित मरीजों को अधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा गोद लेकर उपचारित करने के प्रयासों की सराहना की गई।
जनप्रतिनिधियों ने उठाए स्थानीय मुद्दे
विधायक बबीना राजीव सिंह परीछा ने जल जीवन मिशन के तहत विभिन्न गांवों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर भ्रमण की इच्छा जताई। बरुआसागर में 5 किमी बाईपास रोड के निर्माण संबंधी विषय को उठाया। विधायक गरौठा जवाहर लाल राजपूत ने अपने क्षेत्र की निर्माणाधीन सड़कों और विद्युत आपूर्ति की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि की जानकारी ली। बैठक का संचालन मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मृदुल चौधरी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में स्पष्ट संकेत दिया गया कि सरकार जनपद स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन को त्वरित लाभ पहुंचाने के लिए गंभीर है।




