Friday, May 22, 2026
Google search engine
HomeMaharashtra24 मई को मध्य रेल पर मेगा ब्लॉक, मेन और हार्बर लाइन...

24 मई को मध्य रेल पर मेगा ब्लॉक, मेन और हार्बर लाइन की कई सेवाएं रहेंगी प्रभावित

मुंबई। मध्य रलवे के मुंबई मंडल द्वारा रविवार, 24 मई 2026 को विभिन्न इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों के चलते उपनगरीय रेल नेटवर्क पर मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान मेन लाइन और हार्बर लाइन की कई लोकल सेवाएं रद्द, डायवर्ट और देरी से संचालित होंगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले समय सारिणी जांचने और वैकल्पिक व्यवस्था अपनाने की अपील की है।
मेन लाइन पर मेगा ब्लॉक
माटुंगा और मुलुंड स्टेशनों के बीच अप एवं डाउन स्लो लाइनों पर सुबह 11:05 बजे से दोपहर 3:55 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। सीएसएमटी मुंबई से सुबह 10:14 बजे से दोपहर 3:32 बजे तक चलने वाली डाउन स्लो लाइन की सेवाओं को माटुंगा और मुलुंड के बीच डाउन फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ये ट्रेनें सायन, कुर्ला, घाटकोपर, विक्रोली, भांडुप और मुलुंड स्टेशनों पर रुकेंगी। इसके बाद मुलुंड स्टेशन से दोबारा डाउन स्लो लाइन पर भेजा जाएगा। इन ट्रेनों के अपने गंतव्य पर लगभग 15 मिनट देरी से पहुंचने की संभावना है। इसी प्रकार ठाणे से सुबह 11:07 बजे से दोपहर 3:51 बजे के बीच चलने वाली अप स्लो लाइन सेवाओं को मुलुंड और माटुंगा के बीच अप फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ये ट्रेनें मुलुंड, भांडुप, विक्रोली, घाटकोपर, कुर्ला और सायन स्टेशनों पर रुकेंगी तथा माटुंगा स्टेशन पर पुनः अप स्लो लाइन पर लाई जाएंगी। ये ट्रेनें भी लगभग 15 मिनट देरी से चलेंगी। ब्लॉक अवधि के दौरान विद्याविहार, कंजूर मार्ग और नाहुर स्टेशनों पर अप और डाउन दोनों दिशा की स्लो लाइन ट्रेनें नहीं रुकेंगी। इसके अलावा सीएसएमटी से सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाली सभी अप और डाउन सेवाओं के लगभग 15 मिनट विलंब से चलने की संभावना है।
हार्बर लाइन पर भी सेवाएं प्रभावित
सीएसएमटी से चुनाभट्टी/बांद्रा डाउन हार्बर लाइन पर सुबह 11:40 बजे से शाम 4:40 बजे तक तथा चुनाभट्टी/बांद्रा से सीएसएमटी अप हार्बर लाइन पर सुबह 11:10 बजे से शाम 4:10 बजे तक मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान सीएसएमटी से वाशी, बेलापुर और पनवेल जाने वाली डाउन हार्बर सेवाएं सुबह 11:16 बजे से शाम 4:47 बजे तक निलंबित रहेंगी। वहीं बांद्रा और गोरेगांव जाने वाली डाउन हार्बर सेवाएं सुबह 10:48 बजे से शाम 4:43 बजे तक रद्द रहेंगी। पनवेल, बेलापुर और वाशी से सीएसएमटी जाने वाली अप हार्बर सेवाएं सुबह 9:53 बजे से दोपहर 3:20 बजे तक प्रभावित रहेंगी, जबकि गोरेगांव और बांद्रा से सीएसएमटी की ओर जाने वाली अप सेवाएं सुबह 10:45 बजे से शाम 5:13 बजे तक निलंबित रहेंगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए ब्लॉक अवधि के दौरान पनवेल और कुर्ला (प्लेटफॉर्म नंबर 8) के बीच हर 20 मिनट में विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा हार्बर लाइन के यात्रियों को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक मेन लाइन और पश्चिम रेलवे की सेवाओं से यात्रा करने की अनुमति दी गई है। रेलवे प्रशासन के अनुसार, उपनगरीय नेटवर्क के बुनियादी ढांचे के रखरखाव और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह मेगा ब्लॉक आवश्यक है। यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए रेलवे ने खेद व्यक्त किया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments