HomeCrimeमीरा रोड में पुलिस का बड़ा एक्शन: ‘अर्बन पफ’ शॉप पर छापा,...

मीरा रोड में पुलिस का बड़ा एक्शन: ‘अर्बन पफ’ शॉप पर छापा, 2 लाख रुपए की प्रतिबंधित ई-सिगरेट जब्त

मुंबई। मीरा रोड पुलिस ने युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले एक बड़े अवैध कारोबार का पर्दाफाश करते हुए ‘अर्बन पफ’ नामक दुकान पर छापेमारी की। सिल्वर पार्क स्थित जहांगीर सर्कल के पास चल रही इस दुकान से भारी मात्रा में महाराष्ट्र सरकार द्वारा प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट बरामद की गई हैं। जब्त किए गए माल की बाजार कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो कथित रूप से प्रतिबंधित ई-सिगरेट की बिक्री कर रहे थे। वहीं इस पूरे नेटवर्क से जुड़ा एक मुख्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जानकारी के अनुसार, दुकान के बाहर ‘चॉकलेट्स एंड मोर’ का बोर्ड लगाया गया था, जबकि अंदर हुक्के और कांच के बोंग सजाकर रखे गए थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस दुकान के जरिए कॉलेज छात्रों और युवाओं को अवैध रूप से ई-सिगरेट बेची जा रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की और बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री बरामद कर ली। यह कार्रवाई मीरा रोड पुलिस स्टेशन की सीनियर पीआई मेघना बुरांडे और पीआई जिलानी सैयद के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने दुकान के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली, जहां छुपाकर रखे गए ई-सिगरेट के कई पैकेट बरामद हुए। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि दुकान मालिक प्रतिबंधित ई-सिगरेट कहां से मंगवा रहा था, इस रैकेट के तार किन-किन इलाकों तक फैले हुए हैं और इसके पीछे मुख्य सरगना कौन है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मीरा रोड पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय नागरिकों ने युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments