
मीरा-भायंदर। मीरा-भायंदर महानगरपालिका (एमबीएमसी) के आयुक्त एवं प्रशासक राधाबिनोद शर्मा ने बुधवार को शहर का व्यापक निरीक्षण दौरा किया, जिसका उद्देश्य स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और चल रही परियोजनाओं की जमीनी स्थिति का प्रत्यक्ष मूल्यांकन कर सुधार के लिए तत्काल निर्देश देना था। इस दौरान उनके साथ अतिरिक्त आयुक्त डॉ. सचिन बांगर, कार्यकारी अभियंता नितिन मुकने और शरद नानेगांवकर, सहायक आयुक्त योगेश गुणीजन, सफाई निरीक्षक और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। आयुक्त ने सबसे पहले इंद्रलोक क्षेत्र का दौरा किया, जहां उन्होंने उपस्थिति चौकी का निरीक्षण कर ‘वन क्लिक अटेंडेंस’ प्रणाली की समीक्षा की और कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने कचरा संग्रहण केंद्र की व्यवस्था देखी और नियमित समय पर कचरा उठाने के लिए दिशा-निर्देश दिए। विमल डेयरी रोड के सब्जी बाजार क्षेत्र में उन्होंने सफाई, ट्रैफिक मैनेजमेंट, कचरा निपटान और स्थानीय विक्रेताओं द्वारा पालिका नियमों के पालन की गहन जांच की। आयुक्त शर्मा ने जेसल पार्क चौपाटी का निरीक्षण कर स्थानीय नागरिकों से संवाद किया और उनकी शिकायतों को संज्ञान में लेकर संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। मीरा रोड रेलवे स्टेशन क्षेत्र में कर्मचारियों के लिए बनाए गए यूनिफॉर्म चेंजिंग रूम का भी उन्होंने निरीक्षण किया और पेयजल, प्रकाश व्यवस्था व स्वच्छता में सुधार के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रगति पर चल रहे सीवेज निपटान केंद्र क्रमांक 6 का निरीक्षण करते हुए संचालन की समीक्षा की, सौंदर्यीकरण, वृक्षारोपण और सिस्टम सुधार पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मीरा रोड स्थित श्मशान भूमि में विद्युत भस्मक प्रणाली का जायजा लिया और उसके रखरखाव, सफाई और आपदा प्रबंधन व्यवस्था की भी जांच की। इसके साथ ही परिसर से सटे नाले की भी सफाई और मरम्मत के निर्देश दिए गए। आयुक्त राधाबिनोद शर्मा ने दौरे के अंत में सभी विभागों को नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता और पारदर्शी प्रशासन के प्रति उत्तरदायी होने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि शहर में नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




