सतना में तीन मंजिला मकान में भीषण आग, पांच लोगों को सुरक्षित निकाला
दो बच्चे छत पर फंसे, तीन लोगों को पुलिस ने किया रेस्क्यू; आग बुझाते समय फायर वाहन का हाइड्रोलिक सिस्टम हुआ खराब

सतना, मध्यप्रदेश। नगर निगम क्षेत्र के कामता टोला में शुक्रवार दोपहर पन्नी कारोबारी के तीन मंजिला मकान की ऊपरी मंजिल में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते मकान से आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मकान में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि आग फैलने की आशंका को देखते हुए आसपास के मकानों को भी एहतियातन खाली कराया गया। जानकारी के मुताबिक, कामता टोला निवासी पन्नी कारोबारी विपिन गुप्ता के तीन मंजिला मकान की सबसे ऊपरी मंजिल में दोपहर करीब डेढ़ बजे आग लगी। परिवार के सदस्य किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन दो बच्चे छत पर फंस गए। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग तेजी से फैलने के कारण दूसरी मंजिल पर घर में काम करने वाले अनिल कुशवाहा और दो महिलाएं फंस गईं। मौके पर पहुंची पुलिस और सुरक्षा टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला। एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। आग की भयावहता को देखते हुए नगर निगम के तीन दमकल वाहन मौके पर लगाए गए। दमकलकर्मियों ने मकान के ऊपरी हिस्से तक पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग की तेज गर्मी के कारण मकान की दीवारों में कई जगह दरारें आने की बात भी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम राहुल सिलाडिया, तहसीलदार सौरभ मिश्रा, सिटी कोतवाली पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम ने माइकिंग कर लोगों से घटनास्थल से दूर रहने और सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की। राहत-बचाव कार्य के दौरान नगर निगम के एक फायर वाहन का हाइड्रोलिक सिस्टम खराब हो गया। इसके कारण दमकलकर्मियों को मकान के ऊपरी हिस्से तक पहुंचने में परेशानी हुई। हालांकि टीम ने अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का काम जारी रखा। प्रारंभिक तौर पर एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है और समय रहते लोगों को बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन ने मकान की स्थिति और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक जांच करने के निर्देश दिए हैं।
