राधाष्टमी पर बरसाना में उमड़ेंगे 25 लाख श्रद्धालु, 3 हजार पुलिसकर्मियों का सुरक्षा घेरा

लाडली जी मंदिर में 19 सितंबर को होगा राधारानी का भव्य जन्मोत्सव; 155 CCTV और ड्रोन से निगरानी, 160 विशेष बसें चलेंगी

मथुरा, उत्तर प्रदेश । ब्रज के प्रमुख पर्वों में शामिल श्री राधाष्टमी को लेकर बरसाना में व्यापक तैयारियां की गई हैं। 19 सितंबर को प्रसिद्ध श्री लाडली जी मंदिर में राधारानी का जन्मोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस अवसर पर श्रीजी का विशेष अभिषेक और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रशासन ने पर्व के दौरान करीब 25 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान जताते हुए सुरक्षा, यातायात और दर्शन व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए पूरे बरसाना मेला क्षेत्र को 7 जोन और 20 सेक्टर में बांटा गया है। करीब 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इनमें 8 अपर पुलिस अधीक्षक, 38 पुलिस उपाधीक्षक, 75 निरीक्षक, 320 उप निरीक्षक, 68 महिला उप निरीक्षक के साथ पीएसी की 2 कंपनियां और पीएसी फ्लड की 2 प्लाटून शामिल हैं। पूरे क्षेत्र की 155 CCTV कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 2 खोया-पाया केंद्र और 6 वॉच टावर बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम रखने के लिए भारी वाहनों का रूट डायवर्जन लागू किया गया है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से 160 विशेष बसें चलाई जाएंगी, जबकि 40 बसों को रिजर्व रखा गया है। प्रत्येक बस पर दो चालकों की ड्यूटी लगाई गई है और बरसाना में अस्थायी बस स्टैंड भी बनाया गया है। भीड़ नियंत्रण के लिए 38 होल्डिंग एरिया, 50 पार्किंग स्थल, 88 बैरियर, 14 स्थानों पर बैरिकेडिंग और 7 जूता-घर बनाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग मेला क्षेत्र में 12 मेडिकल कैंप लगाएगा। आपात स्थिति के लिए बाइक एंबुलेंस और अन्य एंबुलेंस की व्यवस्था के साथ एंटी-वेनम दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। प्रशासन ने मेला क्षेत्र को साफ-सुथरा और प्लास्टिक मुक्त रखने की व्यवस्था की है। भंडारा संचालकों को कूड़ादान रखने और नियमित कचरा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सड़कों को गड्ढामुक्त करने, निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा सुरक्षा के लिए ट्रांसफार्मर और बिजली के पोल की प्लास्टिक रैपिंग का काम भी किया गया है। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की ओर से फसाड लाइटिंग, वॉल पेंटिंग और सजावट के जरिए बरसाना को विशेष रूप दिया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग भी मिलावट रोकने के लिए जांच अभियान चला रहा है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता लाखों श्रद्धालुओं को सुगमता और सुरक्षित तरीके से श्रीजी के दर्शन कराना है। इस बार बाहरी श्रद्धालुओं के साथ बरसाना के स्थानीय निवासियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। स्थानीय लोगों को राधारानी के दर्शन में परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से विशेष पास जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *