सायन के अनिक बस डिपो में भीषण आग

मुंबई। मुंबई के सायन स्थित अनिक बस डिपो में सोमवार शाम आग लगने से कुल 10 इलेक्ट्रिक BEST बसें आग की चपेट में आ गईं। घटना डिपो के RTO पासिंग एरिया के पास हुई। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB) के अनुसार, शुरुआत में डिपो में खड़ी एक खाली इलेक्ट्रिक BEST बस में आग लगने की सूचना मिली थी। बाद में BEST प्रशासन ने पुष्टि की कि इस घटना में कुल 10 बसों में आग लगी। फायर ब्रिगेड को शाम 5:44 बजे घटना की सूचना मिली और 5:54 बजे आग को ‘लेवल-1’ घोषित कर दिया गया। इसके बाद मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस और BEST ट्रैफिक विभाग के कर्मचारियों को तत्काल मौके पर भेजा गया। डिपो में मौजूद कर्मचारियों ने आग दिखाई देते ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ उसे डिपो परिसर में दूसरी बसों तक फैलने से रोकने का अभियान शुरू किया। एहतियात के तौर पर आग की चपेट में आई बसों के आसपास खड़ी अन्य बसों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया, ताकि आग और अधिक वाहनों तक न फैल सके। आग लगने के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। BEST प्रशासन और स्थानीय पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
