मुंबई एयरपोर्ट पर ₹1.26 करोड़ का सोना जब्त, रियाद से आई महिला यात्री गिरफ्तार

स्पॉट प्रोफाइलिंग के आधार पर कस्टम्स की कार्रवाई, कपड़ों की जेबों से 956 ग्राम सोना बरामद, तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच जारी

मुंबई। मुंबई एयरपोर्ट कस्टम्स की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने सोने की कथित तस्करी की कोशिश नाकाम करते हुए रियाद से मुंबई पहुंची 51 वर्षीय महिला यात्री को गिरफ्तार किया है। महिला के पास से कुल 956 ग्राम सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब ₹1.26 करोड़ बताई गई है। कस्टम्स सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अधिकारियों ने स्पॉट प्रोफाइलिंग के आधार पर रियाद से आई महिला यात्री को रोका। यात्री ने अपनी पहचान कर्नाटक निवासी अफजलुन्निसा ए. के रूप में बताई। अधिकारियों ने महिला से पूछा कि क्या उसके सामान या उसके पास कोई शुल्क योग्य, प्रतिबंधित वस्तु अथवा कच्चा सोना है। महिला ने इससे इनकार किया। जवाब संतोषजनक नहीं लगने पर अधिकारियों ने उसके सामान की जांच और व्यक्तिगत तलाशी लेने का फैसला किया। तलाशी के दौरान महिला के कपड़ों की जेबों से सोना होने के संदेह वाला सामान बरामद हुआ। जांच में अधिकारियों ने दो कच्ची सोने की चेन, आठ कच्ची सोने की चूड़ियां और सोने की 10 कच्ची छड़ें (बार) बरामद कर जब्त कीं। इनका कुल वजन 956 ग्राम और अनुमानित मूल्य ₹1.26 करोड़ बताया गया है। कस्टम्स अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच अभी शुरुआती चरण में है। कथित तस्करी में किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है या नहीं, इसका पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *