यूपी राज्यसभा चुनाव में BJP का बड़ा दांव, हरदीप पुरी समेत 7 मौजूदा सांसदों का टिकट कटा
आठों सीटों पर नए चेहरों को मौका, धर्मपाल सिंह को उम्मीदवार बनाया, OBC-SC और क्षेत्रीय समीकरण साधने की कोशिश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने आठ उम्मीदवारों की नई सूची जारी कर बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने इस बार कई दिग्गज नेताओं को मौका नहीं देते हुए सभी नए चेहरों पर दांव लगाया है। सबसे अहम बात यह है कि केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा को दोबारा राज्यसभा का उम्मीदवार नहीं बनाया गया है। पार्टी की ओर से जारी सूची के मुताबिक, हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा के अलावा मौजूदा राज्यसभा सांसद अरुण सिंह, नीरज शेखर, बृजलाल, गीता शाक्य और सीमा द्विवेदी को भी दोबारा मौका नहीं मिला है। इस तरह BJP ने उत्तर प्रदेश से अपने सात मौजूदा राज्यसभा सांसदों की जगह नए चेहरों को आगे किया है। बदायूं क्षेत्र से आने वाले बीएल वर्मा की जगह योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी के इस फैसले को सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। BJP ने अपने आठ उम्मीदवारों में तीन अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), दो अनुसूचित जाति (SC) और तीन सामान्य वर्ग के नेताओं को जगह दी है। उम्मीदवारों में प्रियांका सिंह रावत और श्रुति गंगवार के रूप में दो महिलाओं को भी मौका दिया गया है। उम्मीदवारों के चयन में सामाजिक प्रतिनिधित्व के साथ क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश दिखाई दे रही है। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए BJP की इस नई राज्यसभा टीम को पार्टी की भावी राजनीतिक रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
