
मलप्पुरम (केरल)। मलप्पुरम जिले के चेम्माड क्षेत्र में फरवरी 2026 में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद होने के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने जांच तेज कर दी है। इसी सिलसिले में शनिवार को मलप्पुरम जिले के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। जानकारी के अनुसार, एनआईए की टीम ने तिरुरंगाडी क्षेत्र में एक गोदाम तथा एक ट्रक मालिक की पत्नी के वंडूर पुथियकुन्नु स्थित आवास पर तलाशी अभियान चलाया। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद विस्फोटक वहां तक कैसे पहुंचे और उनका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। जांच के दौरान मामले से जुड़े तार कासरगोड जिले तक पहुंचने पर एनआईए ने चित्तारिकल क्षेत्र में भी छापेमारी की। यहां कडुमेनी निवासी जॉर्ज के घर से बड़ी मात्रा में जिलेटिन की छड़ें बरामद की गईं। अधिकारियों के अनुसार, जब्त की गई जिलेटिन की छड़ें लगभग पांच वर्ष पुरानी बताई जा रही हैं। एनआईए ने इन्हें अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि 7 फरवरी 2026 को मलप्पुरम के चेम्माड इलाके में पुलिस ने प्याज से भरे एक ट्रक से जिलेटिन की छड़ें और डेटोनेटर के तार बरामद किए थे। यह ट्रक एक होलो ब्रिक्स दुकान परिसर में खड़ा था। देर रात प्याज की बोरियों को दूसरे वाहन में स्थानांतरित करने के दौरान कुछ संदिग्ध लोग कार से वहां पहुंचे थे। पुलिस की मौजूदगी का एहसास होते ही वे मौके से फरार हो गए। इसके बाद तलाशी के दौरान प्याज की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री बरामद हुई थी। मामले की गंभीरता और किसी बड़े नेटवर्क की आशंका को देखते हुए मई 2026 में एनआईए ने इस प्रकरण की जांच अपने हाथ में ली। एजेंसी अब विस्फोटकों के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला और संभावित उपयोग के संबंध में सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी के दौरान जुटाए गए दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।



