
इंद्र यादव/मुंबई। ठाणे शहर के नौपाडा पुलिस स्टेशन की टीम ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी की छह वारदातों का पर्दाफाश किया है। आरोपी की गिरफ्तारी से ठाणे और नवी मुंबई में दुकानों में हुई सेंधमारी और चोरी के कई मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से ठाणे और नवी मुंबई के विभिन्न इलाकों में दुकानों के शटर तोड़कर चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। आरोपी बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाता था, जिससे व्यापारियों में दहशत का माहौल था। मामले की जांच के दौरान नौपाडा पुलिस ने विशेष रणनीति अपनाते हुए घटनास्थलों और आसपास के 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी सर्विलांस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया और उसकी लोकेशन ट्रैक कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने ठाणे और नवी मुंबई में हुई छह चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफलता पर वरिष्ठ अधिकारियों ने नौपाडा पुलिस टीम की सराहना की है। पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाएं, ताकि अपराधों की रोकथाम और जांच में सहायता मिल सके।

