Thursday, May 21, 2026
Google search engine
HomeCrimeमुंबई एयरपोर्ट पर DRI की बड़ी कार्रवाई: शरीर में छिपाकर लाई जा...

मुंबई एयरपोर्ट पर DRI की बड़ी कार्रवाई: शरीर में छिपाकर लाई जा रही 4.25 करोड़ की कोकीन बरामद, दो विदेशी गिरफ्तार

मुंबई। मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए दो अफ्रीकी यात्रियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है। दोनों आरोपियों ने अपने शरीर के भीतर कोकीन से भरे कैप्सूल छिपा रखे थे। चिकित्सा निगरानी में तीन दिनों तक चले उपचार के दौरान उनके शरीर से कुल 63 कैप्सूल निकाले गए, जिनमें लगभग 850 ग्राम कोकीन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत करीब 4.25 करोड़ रुपये आंकी गई है। डीआरआई सूत्रों के अनुसार, एजेंसी को पहले से विशेष खुफिया सूचना मिली थी कि अदीस अबाबा से मुंबई आने वाले दो यात्री मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हैं। इसी सूचना के आधार पर 16 मई को दोनों यात्रियों को मुंबई एयरपोर्ट पर उतरते ही रोक लिया गया। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने टालमटोल की, लेकिन लगातार पूछताछ और जांच के बाद उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने भारत में ड्रग्स की तस्करी के लिए कोकीन से भरे कैप्सूल निगल रखे हैं। इसके बाद डीआरआई अधिकारियों ने स्थानीय अदालत से अनुमति प्राप्त कर दोनों आरोपियों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। मेडिकल निगरानी में अगले तीन दिनों तक प्रक्रिया चलती रही, जिसके दौरान दोनों यात्रियों के शरीर से कुल 63 कैप्सूल बाहर निकाले गए। जांच में सभी कैप्सूल में कोकीन होने की पुष्टि हुई। अधिकारियों ने बताया कि बरामद 850 ग्राम कोकीन को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया है और दोनों विदेशी यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। डीआरआई अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि यह खेप अफ्रीका में किस नेटवर्क द्वारा तैयार की गई थी, इसे मुंबई में किसे पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। एजेंसी अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के लिंक खंगालने में जुटी है। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी डीआरआई ने मुंबई एयरपोर्ट पर इसी तरह की कार्रवाई करते हुए एक अफ्रीकी पुरुष यात्री को गिरफ्तार किया था। उस आरोपी के शरीर से 70 कैप्सूल निकाले गए थे, जिनमें 1.084 किलोग्राम कोकीन छिपाई गई थी। बरामद ड्रग्स की कीमत लगभग 5.42 करोड़ रुपये बताई गई थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों ने यह साफ कर दिया है कि मुंबई एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर ट्रांजिट पॉइंट के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन एजेंसियां सतर्क हैं और ऐसे नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कस रही हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments