HomeArchitectureBreakingमुंबई एयरपोर्ट पर डीआरआई की बड़ी कार्रवाई, ₹23.63 करोड़ का विदेशी सोना...

मुंबई एयरपोर्ट पर डीआरआई की बड़ी कार्रवाई, ₹23.63 करोड़ का विदेशी सोना जब्त, आठ तस्कर गिरफ्तार

मुंबई। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सोने की तस्करी करने वाले दो संगठित गिरोहों का भंडाफोड़ किया है। खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए दो अलग-अलग अभियानों में 15.764 किलोग्राम 24 कैरेट विदेशी सोना, जिसकी अनुमानित कीमत ₹23.63 करोड़ है, जब्त किया गया। मामले में कस्टम्स एक्ट, 1962 के तहत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। डीआरआई के अनुसार, यह कार्रवाई “ऑपरेशन स्काई वॉल्ट” और “ऑपरेशन मिडास मॉप” के तहत 22 से 24 जुलाई के बीच की गई। जांच में तस्करों द्वारा कस्टम जांच से बचने के लिए अपनाए गए दो अलग-अलग तरीकों का खुलासा हुआ। ऑपरेशन स्काई वॉल्ट के दौरान 23 और 24 जुलाई को इथियोपिया के अदीस अबाबा से मुंबई पहुंचे तीन विदेशी नागरिकों को रोका गया। विमान की गहन तलाशी लेने पर अधिकारियों ने 12.004 किलोग्राम 24 कैरेट विदेशी सोने की छड़ें बरामद कीं, जिनकी कीमत लगभग 18 करोड़ रुपए आंकी गई है। जांच में सामने आया कि यात्रियों ने सोने की छड़ों को अपने सामान में रखने के बजाय विमान के भीतर ही छिपा दिया था। योजना यह थी कि तस्करी गिरोह के अन्य सदस्य बाद में विमान से सोना निकालकर बिना कस्टम जांच के एयरपोर्ट से बाहर ले जाएंगे। वहीं, ऑपरेशन मिडास मॉप के दौरान डीआरआई ने एयरपोर्ट के ग्राउंड स्टाफ से जुड़े एक अन्य तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई में विमान की सफाई करने वाले दो कर्मचारियों, एक यात्री तथा गिरोह के दो अन्य कथित सदस्यों को पकड़ा गया। इस अभियान में 3.76 किलोग्राम 24 कैरेट विदेशी सोने का वैक्स (बुरादा) बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 5.63 करोड़ रुपए बताई गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि एक यात्री दुबई से आए विमान में सोने का वैक्स छिपाकर लाया था। यात्रियों के उतरने के बाद विमान की सफाई करने वाले कर्मचारियों को उसे निकालकर एयरपोर्ट के बाहर इंतजार कर रहे गिरोह के सदस्यों तक पहुंचाना था। डीआरआई ने बताया कि दोनों मामलों में कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एजेंसी अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच कर रही है।
डीआरआई का कहना है कि ये दोनों ऑपरेशन भारतीय हवाई अड्डों के माध्यम से कीमती धातुओं की अवैध तस्करी रोकने और संगठित तस्करी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे लगातार खुफिया अभियानों का हिस्सा हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments