ST यात्रियों को बड़ी डिजिटल सुविधा, अब BHIM ऐप से घर बैठे होगा NCMC कार्ड रिचार्ज
QR कोड स्कैन कर तुरंत कर सकेंगे टॉप-अप; वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों को मिलेगी विशेष सहूलियत

मुंबई। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल (MSRTC) ने यात्रियों के लिए डिजिटल सेवाओं का विस्तार करते हुए NCMC कार्ड को BHIM ऐप के माध्यम से टॉप-अप करने की सुविधा शुरू की है। अब कार्ड में बैलेंस खत्म होने पर यात्रियों को रिचार्ज केंद्र जाने की जरूरत नहीं होगी और वे मोबाइल के जरिए घर बैठे कार्ड में राशि जमा कर सकेंगे। एसटी महामंडल के अनुसार, यह सुविधा 15 सितंबर 2026 से उपलब्ध कराई गई है। NCMC कार्ड परियोजना के तहत अमृत वरिष्ठ नागरिक, अन्य वरिष्ठ नागरिक और महिला रियायतधारी यात्रियों के कार्ड के पंजीकरण एवं वितरण की प्रक्रिया पहले से चल रही है। नई डिजिटल सुविधा से कार्ड का इस्तेमाल और आसान बनाने का प्रयास किया गया है।
QR कोड स्कैन करते ही कर सकेंगे टॉप-अप
NCMC कार्ड को रिचार्ज करने के लिए यात्री को कार्ड के पीछे दिए गए QR कोड को BHIM ऐप से स्कैन करना होगा। इसके बाद ऐप पर दिखाई देने वाली प्रक्रिया पूरी कर आवश्यक राशि कार्ड में टॉप-अप की जा सकेगी। इस सुविधा के बाद यात्रियों को कार्ड में राशि खत्म होने पर रिचार्ज केंद्र तलाशने या वहां कतार में लगने की जरूरत नहीं होगी। आवश्यकता के अनुसार मोबाइल से ही राशि जमा की जा सकेगी। एसटी महामंडल का कहना है कि डिजिटल यात्री सेवाओं को अधिक आसान और तेज बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों के लिए NCMC कार्ड के इस्तेमाल को इससे अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।
