HomeCrimeठाणे क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: 5.66 करोड़ की एमडी ड्रग्स जब्त,...

ठाणे क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: 5.66 करोड़ की एमडी ड्रग्स जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार

दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 2 किलो 823 ग्राम मेफेड्रोन बरामद, सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

इंद्र यादव/ठाणे। ठाणे पुलिस आयुक्तालय की क्राइम ब्रांच के एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 2 किलो 823 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) जब्त किया है। गुरुवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जब्त एमडी की कुल कीमत 5 करोड़ 66 लाख 37 हजार 290 रुपये आंकी गई है। दोनों कार्रवाइयों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब एमडी की सप्लाई चेन और इसके स्रोत का पता लगाने में जुटी है। पहली कार्रवाई 1 सितंबर को घोड़बंदर रोड स्थित गायमुख बस स्टॉप के पास की गई। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक स्कूटर (MH04LG5906) पर सवार मोजीम अब्दुल्ला शेख (41) और तबरेज अब्दुल्ला शेख (41), दोनों निवासी मीरा रोड, को रोककर तलाशी ली। पुलिस के मुताबिक एक आरोपी के पास से 167 ग्राम और दूसरे के पास से 56 ग्राम एमडी बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने स्कूटर की तलाशी ली तो उसमें छिपाकर रखी गई करीब 1 किलो 400 ग्राम एमडी और बरामद हुई। इस प्रकार इस कार्रवाई में कुल 1 किलो 623 ग्राम एमडी जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 3 करोड़ 34 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कासारवडवली पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दूसरी कार्रवाई ठाणे पूर्व के कोपरी इलाके में बीएसएनएल कार्यालय के पास की गई। यहां पुलिस ने अब्दुल रहमान मोईद्दीन कादर शेख (34), निवासी गोरेगांव, मुंबई को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली। पुलिस के अनुसार उसके पास से 1 किलो 192 ग्राम एमडी बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ 30 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। जांच के दौरान इस ड्रग्स की कथित सप्लाई चेन में आफरीद मोहम्मद वली शेख (27), निवासी नवी मुंबई की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि आरोपी मुंबई से एमडी की आपूर्ति से जुड़ा था। इस मामले में भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों मामलों को मिलाकर पुलिस ने कुल 2 किलो 823 ग्राम एमडी सहित 5 करोड़ 66 लाख 37 हजार 290 रुपये का माल जब्त करने का दावा किया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में एमडी आरोपियों तक कहां से पहुंची, इसका मुख्य सप्लायर कौन है और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। आरोपियों के आर्थिक लेन-देन और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर ठाणे पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल ने दोनों कार्रवाइयों को अंजाम दिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में डॉ. पंजाबराव उगले, अमरसिंह जाधव, मदन बल्लाळ, सचिन गायकवाड, सपना ताठे, प्रणिण फडतरे, बळवंत भराडे सहित एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस अंतरजिला ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments