Tuesday, May 19, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraमहाराष्ट्र एफ़डीए में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: श्रीधर डूबे-पाटील का तबादला, तुकाराम मुंढे...

महाराष्ट्र एफ़डीए में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: श्रीधर डूबे-पाटील का तबादला, तुकाराम मुंढे को मिली जिम्मेदारी

मुंबई। महाराष्ट्र में मेडिकल एसोसिएशन के प्रस्तावित देशव्यापी एक दिवसीय बंद से ठीक एक दिन पहले राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। महाराष्ट्र अन्न एवं औषध प्रशासन (एफ़डीए) के आयुक्त श्रीधर डूबे-पाटील का तबादला कर दिया गया है और उनकी जगह वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस संबंध में मंगलवार को सामान्य प्रशासन विभाग के सह सचिव सुभाष उमरानीकर द्वारा आधिकारिक आदेश जारी किया गया। बता दें कि श्रीधर डूबे-पाटील की नियुक्ति महज चार महीने पहले ही एफ़डीए आयुक्त के रूप में की गई थी। उनके अल्प कार्यकाल के बाद हुए इस तबादले को प्रशासनिक हलकों में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह प्रशासनिक बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब अखिल भारतीय रसायनज्ञ एवं औषधि विक्रेता संगठन द्वारा 20 मई को देशव्यापी बंद का आह्वान किया गया है। बंद के मद्देनजर एफडीए प्रशासन पहले ही आवश्यक दवाओं की आपूर्ति बनाए रखने और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए तैयारियों में जुटी हुई है। तुकाराम मुंढे की पहचान ब्यूरोक्रेसी में एक सख्त, ईमानदार और तेजतर्रार अधिकारी के रूप में होती है। मूल रूप से महाराष्ट्र से आने वाले 2005 बैच के इस आईएएस अधिकारी को उनकी कड़क कार्यशैली और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रवैये के कारण अक्सर “सिंघम” छवि वाला अधिकारी कहा जाता है। हाल के दिनों में तुकाराम मुंढे उस समय सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने दिव्यांग कल्याण विभाग से जुड़े मामलों में कथित फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्रों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई शुरू की थी। उनकी इस कार्रवाई को प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में बड़ा कदम माना गया था। तुकाराम मुंढे इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण विभागों में अपनी कार्यकुशलता का परिचय दे चुके हैं। वे जहां भी तैनात रहे, वहां नियमों के सख्त पालन और जनहित से जुड़े फैसलों को लेकर चर्चाओं में रहे हैं। अब एफ़डीए की जिम्मेदारी मिलने के बाद माना जा रहा है कि राज्य सरकार खाद्य एवं दवा आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ प्रशासनिक निगरानी, पारदर्शिता और नियंत्रण तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में काम करना चाहती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments