HomeMaharashtraमहाराष्ट्र-जर्मनी साझेदारी को नई मजबूती

महाराष्ट्र-जर्मनी साझेदारी को नई मजबूती

निवेश, रोजगार, कौशल विकास और इनोवेशन को मिलेगा बढ़ावा: सीएम फडणवीस


मुंबई। महाराष्ट्र और जर्मनी के हेसन (Hessen) राज्य के बीच निवेश, उद्योग, कौशल विकास और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। शुक्रवार को सह्याद्री अतिथिगृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और हेसन के मंत्री-राष्ट्रपति (Minister President) बोरिस राइन ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र और हेसन की साझेदारी दो आर्थिक रूप से मजबूत राज्यों के बीच सहयोग का नया अध्याय है। उन्होंने कहा कि हेसन, महाराष्ट्र के लिए जर्मनी और यूरोप का प्रवेशद्वार बनेगा, जबकि महाराष्ट्र, हेसन के लिए भारत और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र तक पहुंच का माध्यम बनेगा। इस साझेदारी से निवेश, नवाचार, रोजगार और कौशल विकास को नई गति मिलेगी तथा नागरिकों के लिए नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि भारत-जर्मनी संबंध विश्वास, ज्ञान, व्यापार, नवाचार और लोगों के बीच मजबूत रिश्तों पर आधारित हैं। अब राष्ट्रीय स्तर के सहयोग को राज्य स्तर की आर्थिक साझेदारी का भी समर्थन मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि फ्रैंकफर्ट यूरोप का प्रमुख वित्तीय केंद्र है, जबकि मुंबई भारत की आर्थिक राजधानी है। दोनों शहर वित्त, उद्योग, तकनीक, अनुसंधान और कुशल मानव संसाधन के क्षेत्र में एक-दूसरे के पूरक बन सकते हैं। समझौते में उद्योग, सेवा क्षेत्र, सूचना प्रौद्योगिकी, कुशल मानव संसाधन और सीमा-पार रोजगार गतिशीलता जैसे चार प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया है। फार्मास्यूटिकल्स, स्वास्थ्य सेवाएं, इंजीनियरिंग, ऑटोमोबाइल, वित्तीय सेवाएं, लॉजिस्टिक्स, डिजिटल अर्थव्यवस्था और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में व्यापक सहयोग की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। मुख्यमंत्री ने हेसन के उद्योग समूहों से महाराष्ट्र में अधिक निवेश करने का आह्वान किया और कहा कि महाराष्ट्र के उद्योग भी जर्मनी एवं यूरोपीय बाजार में प्रवेश के लिए हेसन का उपयोग करें। उन्होंने नवी मुंबई के प्रस्तावित एजुकेशन सिटी में हेसन के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों को आमंत्रित करते हुए शिक्षा, अनुसंधान और कौशल विकास में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि समझौते के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक संयुक्त कार्य समूह बनाया जाएगा तथा मुंबई और हेसन में नियमित रूप से ‘महाराष्ट्र-हेसन बिजनेस डायलॉग’ आयोजित करने का भी प्रस्ताव रखा गया है। हेसन के मंत्री-राष्ट्रपति बोरिस राइन ने मुख्यमंत्री फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र में तेजी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे और उद्योग-अनुकूल माहौल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह समझौता दोनों राज्यों के बीच निवेश, व्यापार, कौशल विकास, औद्योगिक प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान और नए कारोबारी अवसरों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments