
केरल स्टोरी आतंकवाद के क्रूर चेहरे को सामने लाने वाली फिल्म
लखनऊ:(Lucknow) भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता व उप्र के पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा (Chief Minister Dr. Dinesh Sharma) ने कहा कि विपक्षी दल देश में एक वर्ग विशेष को दोयम दर्जे का नागरिक देखना चाहते हैं। केरल स्टोरी फिल्म पर विपक्षी दलों के शासन वाले राज्यों में लगाई जा रही रोक को दुर्भाग्यपूर्ण व षडयंत्र बताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा करके सच्चाई पर परदा डालने का प्रयास किया जा रहा है।
डॉ. दिनेश शर्मा ने बुधवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि यह आतंकवाद के क्रूर चेहरे को सामने लाने वाली फिल्म है। आज केरल से अधिक अत्याचार बंगाल में हो रहा है। असल में विपक्ष को देश की चिन्ता ही नहीं है। टीएमसी जैसी पार्टी तो जैसे अखंड बांगलादेश का सपना देख रही है क्योंकि उनका अधिकांश वोटर जाली मतदाता पत्र बनवाकर वहीं से आता है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में भाजपा बडे अन्तर से जीत दर्ज करने जा रही है। यह चुनाव कांग्रेस को राजनीति के आईसीयू में पहुंचा देगा।
उन्होंने कहा कि देश में इस समय बिहार से विपक्ष के दो बेचारे नेता ठगबंधन के लिए नए साथियों की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। पर कोई भी उनके साथ आने को तैयार नहीं हो रहा है। अब उडीसा के मुख्यमंत्री ने उनके अभियान को लाल झंडी दिखा दी है। ये ऐसे लोग हैं जिनसे उनका खुद का घर तो उनसे संभल नहीं रहा है। जदयू तो आज अपने अस्तित्व को बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है। 2024 के आगामी लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद पर अभी नो वैकेंसी है। प्रधानमंत्री मोदी पिछले से अधिक बहुमत से तीसरी बार जीत कर प्रधानमंत्री बनेंगे।
पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में भाजपा एकतरफा जीत दर्ज करने जा रही है। इन चुनावों में विपक्षी दलों के महापौर प्रत्याशियों की जमानत तक नहीं बचेगी। सपा, बसपा और कांग्रेस की बची खुची उम्मीद पर जनता पानी फेरने का काम करेगी। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी की सरकार के कार्यों ने लोगों के दिलों को जीत लिया है। विपक्षी दलों की सत्ता पर काबिज होकर अपना स्वार्थ साधने की कलई भी खुल चुकी है।