उन्नाव में धूमधाम से मनी भगवान विश्वकर्मा जयंती, मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान
देव शरण विश्वकर्मा ने झंडारोहण कर किया समारोह का शुभारंभ; विधायक पंकज गुप्ता ने स्मारिका ‘अरुणोदय’ का किया विमोचन, 18 निर्धन-निराश्रित विधवाओं को बांटी गईं साड़ियां

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। आदि शिल्पाचार्य भगवान विश्वकर्मा की जयंती गुरुवार, 17 सितंबर 2026 को कब्बा खेड़ा स्थित विश्वकर्मा मंदिर में श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और समाज के लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9 बजे समिति के अध्यक्ष देव शरण विश्वकर्मा ने झंडारोहण कर किया। इसके बाद भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन संपन्न हुआ।समारोह में मुख्य रूप से पहुंचे उन्नाव सदर विधायक पंकज गुप्ता ने भगवान विश्वकर्मा के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए और उपस्थित जनसमूह को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने समिति की ओर से प्रतिवर्ष प्रकाशित होने वाली स्मारिका ‘अरुणोदय’ का विमोचन किया। विधायक पंकज गुप्ता की ओर से समिति को चार बड़े कूलर भी प्रदान किए गए। इसके लिए संस्था के अध्यक्ष देव शरण विश्वकर्मा सहित सभी पदाधिकारियों ने उनका आभार व्यक्त किया।जिला पंचायत उन्नाव की अध्यक्ष शकुन सिंह के प्रतिनिधि के रूप में उनके पुत्र शशांक शेखर ‘सनी’ ने कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने उपस्थित लोगों को विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं दीं और समिति के पदाधिकारियों का सम्मान किया।नगर पालिका परिषद उन्नाव की अध्यक्ष श्वेता मिश्रा के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे प्रवीण मिश्रा ने भगवान विश्वकर्मा को श्रद्धासुमन अर्पित कर लोगों को जयंती की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पहुंचे विमल द्विवेदी ने भी भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। जिला कमांडेंट होमगार्ड्स धर्मेंद्र विश्वकर्मा ने भगवान विश्वकर्मा के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए और उपस्थित जनसमूह को विश्वकर्मा जयंती की बधाई दी।समारोह का सामाजिक सरोकार भी देखने को मिला। प्रमुख समाजसेविका गौसिया खान ने कार्यक्रम के दौरान 18 निर्धन एवं निराश्रित विधवाओं को साड़ियां वितरित कीं। आयोजकों ने इसे जरूरतमंदों के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए समाज के सक्षम लोगों से ऐसे कार्यों में आगे आने की अपील की।उन्नाव सदर के उपजिलाधिकारी राजेश कुमार विश्वकर्मा ने भी समारोह में पहुंचकर भगवान विश्वकर्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने उपस्थित लोगों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए अपने संबोधन में शिक्षा और सामाजिक एकता को समाज की उन्नति का प्रमुख मार्ग बताया। उन्होंने समाज के लोगों, विशेषकर नई पीढ़ी को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समिति की ओर से हाईस्कूल परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 7 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार, बैज और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। सम्मानित विद्यार्थियों में CBSE हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में जनपद स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले सार्थक विश्वकर्मा भी शामिल रहे।इसके अतिरिक्त इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 8 छात्र-छात्राओं तथा उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 2 छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार, बैज और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही नई पीढ़ी समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।कार्यक्रम में उन्नाव जिले की विभिन्न शाखा समितियों के अधिकांश पदाधिकारियों के साथ संस्था के संरक्षक शील कुमार शर्मा, हनुमान प्रसाद शर्मा, गंगा प्रसाद शर्मा, प्रशांत कटियार, अखिल गुप्ता, अचलगंज चेयरमैन प्रतिनिधि राजीव वर्मा, जिला पेंशनर्स एसोसिएशन के महामंत्री कैलाश नाथ द्विवेदी, राम सकल सिंह, राष्ट्रीय एकता मंच के संस्थापक सत्य कुमार सोनी, अधिवक्ता राजकुमार चौरसिया, जयकृष्ण पाण्डेय, डॉ. अंशुमन अग्निहोत्री, प्रमोद कुमार मौर्य, डिप्लोमा फार्मेसी एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार, बछरावां डिग्री कॉलेज के पूर्व प्राचार्य एवं साहित्यकार डॉ. रामनरेश, प्राइम टीवी के ब्यूरो चीफ सचिन मिश्रा, उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री राजन बाजपेई, अपनी जनतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश चंद्र मिश्रा, दिलीप अवस्थी तथा राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष उमा निवास बाजपेई सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।उन्नाव के अलावा कानपुर, रायबरेली, लखनऊ, फतेहपुर और हरदोई सहित आसपास के जिलों से भी समाजसेवी और समाज के लोग समारोह में शामिल हुए। संस्था के अध्यक्ष देव शरण विश्वकर्मा और महामंत्री विवेक वर्मा ने सभी अतिथियों एवं समाज के लोगों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आभार जताया। इस दौरान संस्था के कोषाध्यक्ष विपिन विश्वकर्मा ने वर्षभर के आय-व्यय का लेखा-जोखा उपस्थित सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया। संस्था के अनुसार उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि के साथ आय-व्यय विवरण का अनुमोदन किया। कार्यक्रम के समापन से पहले वर्ष 2025-26 के दौरान दिवंगत हुए समाज से जुड़े सदस्यों एवं स्वजातीय व्यक्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उन्हें याद किया गया। दिनभर चले कार्यक्रम का समापन शाम करीब 6:30 बजे आदि शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की आरती के साथ हुआ। समारोह के संयोजक जी.पी. वर्मा ने सभी आगंतुकों, अतिथियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन आर.पी. वर्मा ‘सरस’ ने किया।
