गंजमुरादाबाद में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ का शुभारंभ‘
स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता’ के जरिए बच्चों और युवाओं को किया जागरूक, स्वच्छ नगर के लिए जनभागीदारी पर जोर

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। नगर पंचायत गंजमुरादाबाद में गुरुवार को ‘स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम-2026’ का शुभारंभ किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रूबी और अधिशासी अधिकारी सुश्री गुंजन गुप्ता के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के साथ ‘स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता’ अभियान के जरिए बच्चों, युवाओं और नगरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी विभाग, संस्था या सफाई कर्मचारी की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास सफाई रखे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे तो गंजमुरादाबाद को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ नगर बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।‘स्वच्छ पाठशाला’ के माध्यम से विद्यार्थियों को बचपन से ही स्वच्छता की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें घर, विद्यालय, सड़क, बाजार और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने में अपनी जिम्मेदारी समझने का संदेश दिया गया। वहीं ‘युवा फॉर स्वच्छता’ के तहत युवाओं से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और लोगों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने की अपील की गई।इस दौरान नागरिकों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने के लिए जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि साफ-सफाई का सीधा संबंध बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छ पर्यावरण से है। कार्यक्रम में नगर पंचायत के कर्मचारियों के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी हिस्सा लिया और नगर को स्वच्छ रखने में सहयोग का संकल्प लिया। नगर पंचायत ने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत आगे भी विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जाएगा।
