‘आपलं मंत्रालय’ के अगस्त अंक का विमोचन, SIR से लेकर AI तक के विषयों को मिली जगह

मुंबई। महाराष्ट्र के सूचना एवं जनसंपर्क महानिदेशालय द्वारा प्रकाशित गृहपत्रिका ‘आपलं मंत्रालय’ के अगस्त 2026 अंक का विमोचन राज्य निर्वाचन आयोग, महाराष्ट्र के सचिव एवं इस अंक के अतिथि संपादक सुरेश काकाणी के हाथों किया गया। इस अंक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के माध्यम से मतदाता सूचियों को अधिक सटीक, अद्यतन और पारदर्शी बनाने की प्रक्रिया पर विशेष सामग्री प्रकाशित की गई है। इसके साथ ही ‘महा ई-HRMS’ के जरिए प्रशासन की डिजिटल यात्रा और बदलती सरकारी कार्यप्रणाली को भी प्रमुखता दी गई है। पत्रिका में शेगांव दर्शन से ज्ञानगंगा सफारी, सांस्कृतिक विरासत, स्वच्छता, सेवानिवृत्ति के बाद का जीवन, अंगदान, करियर के नए अवसर, रोबोटिक्स एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता, पक्षी अवलोकन और महाराष्ट्र की पशुधन विरासत सहित विभिन्न साहित्यिक एवं सामाजिक विषयों पर लेख शामिल किए गए हैं। इन लेखों के माध्यम से आधुनिक तकनीक और मानवीय मूल्यों के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भागीदारी, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और प्रकृति संरक्षण के बीच संतुलन को रेखांकित किया गया है। विमोचन के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अवर सचिव अजय भोसले, उपनिदेशक एवं वरिष्ठ सहायक निदेशक (प्रकाशन) जगदीश मोरे तथा राज्य निर्वाचन आयोग के जनसंपर्क अधिकारी संजय ओरके उपस्थित रहे।
