Tuesday, May 5, 2026
Google search engine
HomeMadhya Pradeshजापान की नवनियुक्त वाणिज्यदूत सातो हितोमी ने राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट

जापान की नवनियुक्त वाणिज्यदूत सातो हितोमी ने राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट

मुंबई। मुंबई स्थित लोक भवन में सोमवार को जापान की नवनियुक्त वाणिज्यदूत सातो हितोमी ने जिष्णु देव वर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान भारत-जापान संबंधों, शिक्षा, भाषा और सांस्कृतिक सहयोग को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। सातो हितोमी ने बताया कि उन्होंने इलाहाबाद से हिंदी भाषा का अध्ययन किया है और वे धाराप्रवाह हिंदी बोलती हैं। उन्होंने भारत में दो वर्षों तक शिक्षा प्राप्त की है और नई दिल्ली स्थित जापान के दूतावास में करीब साढ़े नौ वर्षों तक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि हिंदी के बाद वह जल्द ही मराठी भाषा भी सीखेंगी, क्योंकि दोनों भाषाओं की लिपि देवनागरी होने से सीखना उनके लिए आसान होगा। इस अवसर पर उन्होंने जानकारी दी कि अकिरा ताकाहाशी (ओसाका विश्वविद्यालय) ने लगभग 1500 पृष्ठों का मराठी-जापानी शब्दकोश तैयार किया है, जो भाषा सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। बैठक में बताया गया कि अगले वर्ष भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ मनाई जाएगी, जिसके तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महाराष्ट्र और जापान के बीच मेट्रो रेल, बुलेट ट्रेन और एक्सप्रेसवे जैसे बुनियादी ढांचा क्षेत्रों में पहले से सहयोग जारी है, जिसे शिक्षा, खेल और संस्कृति के क्षेत्रों में भी विस्तार देने की योजना है। हितोमी ने कहा कि जापान के वाकायामा प्रांत और महाराष्ट्र के बीच सहयोग जारी है तथा आगामी नवंबर में मुंबई में एक शैक्षणिक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कौशल विकास के क्षेत्र में टोयोटा राज्य के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के साथ कार्य कर रही है। राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने नवनियुक्त वाणिज्यदूत का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय स्तर पर शैक्षणिक सहयोग बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय में जापानी भाषा विभाग पहले से कार्यरत है और हाल ही में नागपुर विश्वविद्यालय में भी इसकी शुरुआत की गई है। राज्यपाल ने सुझाव दिया कि जापानी और मराठी साहित्य के पारस्परिक अनुवाद को बढ़ावा दिया जाए और उत्कृष्ट अनुवादकों को सम्मानित करने की योजना शुरू की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि जापानी वाणिज्य दूतावास में मराठी भाषा की कक्षाएं शुरू की जाती हैं, तो राज्य के विश्वविद्यालय सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पैनासॉनिक, हिताची और डाइकिन जैसे जापानी ब्रांड भारत में लंबे समय से मौजूद हैं और लोगों के बीच भारतीय ब्रांड जैसे ही लोकप्रिय हो चुके हैं। उल्लेखनीय है कि मुंबई में पिछले तीन वर्षों से कार्यरत रहे जापान के वाणिज्यदूत यागी कोजी के स्थानांतरण के बाद सातो हितोमी की नियुक्ति की गई है। इस अवसर पर जापान की काउंसल शिमादा मेगुमी, राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवरे और सह सचिव एस. राममूर्ति सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments