
पालघर। मुंबई-अहमदाबाद उच्च गति रेल परियोजना के संबंध में जापान की अंतरराष्ट्रीय सहयोग संस्था जापान अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (जेआईसीए) के प्रमुख सेईचिरो अकीमुरा एवं उनके प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार, 23 फरवरी 2026 को वसई-विरार शहर महानगरपालिका मुख्यालय का दौरा किया। इस अवसर पर महापौर अजीव पाटिल, उपमहापौर मार्शल लोपीस, आयुक्त मनोजकुमार सूर्यवंशी, पूर्व विधायक क्षितिज ठाकूर, सभागृह नेता प्रफुल साने, अतिरिक्त आयुक्त संजय हेरवाडे, अतिरिक्त आयुक्त दीपक सावंत, परिवहन प्रबंधक धैर्यशील जाधव, उप-संचालक (नगररचना) मनीष भिष्णूरकर तथा नगररचनाकार श्वेता माने सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर से जुड़ी विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। परियोजना के अंतर्गत अब तक हुई प्रगति तथा आगे की कार्यवाही की समीक्षा भी की गई। साथ ही उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समक्ष परियोजना का दृश्य-श्रव्य माध्यम से प्रस्तुतीकरण किया गया। बैठक में स्थानीय स्तर पर समन्वय, प्रशासनिक प्रक्रियाओं तथा आगामी चरणों की रणनीति पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।




