
झांसी, उत्तर प्रदेश। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. रश्मि आर्या, विधायक मऊरानीपुर उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में रमा निरंजन, सदस्य विधान परिषद मंचासीन रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं बैच अलंकरण कर स्वागत के साथ हुई। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म आयोजित की गई, वहीं छोटी बच्चियों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया तथा मिष्ठान वितरण किया गया। साथ ही जनपद में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रश्मि आर्या ने कहा कि प्राचीन काल से समाज के उत्थान में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन महिलाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें, ताकि वे शिक्षित होकर जीवन की चुनौतियों का मजबूती से सामना कर सकें। इस दौरान रमा निरंजन ने कहा कि वर्तमान समय महिलाओं का है और शिक्षा व स्वास्थ्य महिला सशक्तिकरण के दो प्रमुख आधार हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से बालिकाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं और ऐसे कार्यक्रम समाज को अपने अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हैं। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश सिंह राजपूत और बाल विकास परियोजना अधिकारी स्नेह गुप्ता ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेंद्र कुमार पटेल ने कहा कि समाज को महिलाओं के प्रति प्रेरणादायी और सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए तथा भ्रूण हत्या पर पूरी तरह अंकुश लगाने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम में ममता पाठक, रानी पालीवाल, रामबाई पाल, पूर्णिमा श्रीवास्तव, जनपद की मुख्य सेविकाएं, प्रधान सहायक चन्द्र प्रकाश साहू, शशिकांत कन्नोजिया, कनिष्ठ सहायक हिमांशु पाल और आदित्य श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।




