
मुंबई। इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा सांस्कृतिक कार्य मंत्री एवं मुंबई उपनगर जिले के पालकमंत्री एडवोकेट आशीष शेलार ने जिला नियोजन एवं विकास समिति (डीपीडीसी) के माध्यम से संचालित सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। मुंबई उपनगर जिले की जिला नियोजन एवं विकास समिति (डीपीडीसी) के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों तथा जिला वार्षिक योजना 2026-27 के तहत किए गए बजटीय प्रावधानों की समीक्षा के लिए पालकमंत्री आशीष शेलार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्यों की प्रगति और उपलब्ध निधि की समीक्षा की गई। बैठक में मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी सौरभ कटियार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जिला वार्षिक योजना (सामान्य) 2026-27 के अंतर्गत प्रस्तावित और प्रगति पर चल रहे विकास कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। समीक्षा के दौरान मंत्री शेलार ने निर्देश दिए कि स्वीकृत परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रिया तत्काल पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कर परियोजनाओं को गति दी जाए, ताकि आम नागरिकों को समय पर उनका लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों के लिए उपलब्ध निधि का प्रभावी और योजनाबद्ध उपयोग सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्वीकृत परियोजना को लंबित न रखा जाए तथा आवंटित धनराशि का समय पर उपयोग हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

