ईएसआईसी की स्वास्थ्य सेवाओं और लाभों की जानकारी अब क्यूआर कोड से मिलेगी
कामगार मंत्री आकाश फुंडकर ने क्यूआर कोड और सूचना पुस्तिका का किया विमोचन, 45.34 लाख से अधिक बीमाधारकों तक डिजिटल माध्यम से जानकारी पहुंचाने पर जोर

मुंबई। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की विभिन्न योजनाओं, लाभों और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी बीमाधारकों तक आसानी से पहुंचाने के लिए डिजिटल सुविधाओं का प्रभावी उपयोग किया जाएगा। मंगलवार को महाराष्ट्र के कामगार मंत्री एडवोकेट आकाश फुंडकर ने यह जानकारी देते हुए ईएसआईसी की सुविधाओं से संबंधित क्यूआर कोड और सूचना पुस्तिका का विमोचन किया। मंत्री फुंडकर ने बताया कि क्यूआर कोड के माध्यम से बीमाधारकों को ईएसआईसी के अंतर्गत मिलने वाले विभिन्न लाभों, स्वास्थ्य सुविधाओं, शाखा कार्यालयों, औषधालयों, अस्पतालों और संबद्ध चिकित्सा संस्थानों की जानकारी प्राप्त हो सकेगी। इससे बीमाधारकों को आवश्यक जानकारी हासिल करने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि ईएसआईसी की योजनाओं और सुविधाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सूचना पुस्तिकाओं का वितरण ईएसआईसी अस्पतालों के माध्यम से किया जाएगा। इसके अलावा क्यूआर कोड सभी क्षेत्रीय कार्यालयों, महाराष्ट्र ईएसआई सोसायटी तथा नियोक्ता और कर्मचारी प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया गया है। बीमाधारकों तक एसएमएस के माध्यम से जानकारी पहुंचाने की प्रक्रिया भी ईएसआईसी मुख्यालय की निर्धारित नीति के अनुसार संचालित की जा रही है। मुंबई क्षेत्रीय कार्यालय ने 15 जुलाई 2026 को महाराष्ट्र ईएसआई सोसायटी को 45 लाख 34 हजार 737 बीमाधारकों के आवासीय पते और मोबाइल नंबरों से संबंधित विवरण उपलब्ध कराया है। इस जानकारी का उपयोग निर्धारित नीति के अनुसार बीमाधारकों तक योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी पहुंचाने में किया जाएगा। मंत्री फुंडकर ने कहा कि डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग से बीमाधारकों को ईएसआईसी की योजनाओं, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य लाभों की जानकारी सरल एवं सुलभ तरीके से उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
