
देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्राम-करारी-01) के अंतर्गत निर्मित 756 आवासों के आवंटियों के लिए झांसी विकास प्राधिकरण सभागार में मंगलवार को तृतीय दिवस की कार्यशाला आयोजित की गई। नगर नियोजक विजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में आवंटियों को आवासों के विक्रय-विलेख, बैंक ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा देय धनराशि जमा करने संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।कार्यशाला की शुरुआत में नगर नियोजक ने उपस्थित आवंटियों का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित आवासों की उपयोगिता और उनसे जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी। इस दौरान आवंटियों ने भवनों की देयता के सापेक्ष बैंक ऋण प्राप्त करने संबंधी कई प्रश्न पूछे, जिनका समाधान अधिकारियों द्वारा विस्तार से किया गया।कार्यशाला में उपस्थित विभिन्न बैंकों के अधिकारियों ने ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन संबंधी औपचारिकताओं की जानकारी दी। बैंक प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि निर्धारित प्रपत्र पूर्ण होने पर पात्र आवंटियों को शीघ्र ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।तीन दिवसीय इस कार्यशाला में लगभग 450 आवंटियों ने भाग लिया और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवंटित आवासों के विक्रय-विलेख, बैंक ऋण एवं देय भुगतान संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।नगर नियोजक ने बताया कि यदि आवंटी 10 जून 2026 को दोपहर 12:30 बजे तक अपने आवंटित आवास की देय राशि ऋण अथवा स्वयं के संसाधनों से जमा कर देते हैं, तो उसी दिन उनके आवासों का विक्रय-विलेख संपादित किया जाएगा। कार्यशाला में झांसी विकास प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा बैंक कर्मी उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यशाला का समापन किया गया।



