
इंद्र यादव/ठाणे। ठाणे के कपूरबावड़ी इलाके में वंडर मॉल के पास स्थित एक गोदाम में अवैध गैस सिलेंडरों के बड़े जखीरे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह गोदाम मशहूर पिज्जा आउटलेट डॉमिनोज के बिल्कुल करीब स्थित है, जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।मिली जानकारी के अनुसार, एक सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. बिनू वर्गीज को इस अवैध कारोबार की भनक लगी थी। उन्होंने तुरंत चितलसर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुनील वारुडे को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।छापेमारी के दौरान गोदाम के अंदर और बाहर बड़ी संख्या में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर अवैध रूप से जमा पाए गए। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि इन सिलेंडरों को ब्लैक मार्केटिंग के लिए स्टोर किया गया था, खासकर ऐसे समय में जब गैस सिलेंडरों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और सिलेंडरों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री का भीड़भाड़ वाले इलाके में अवैध भंडारण एक बड़ी सुरक्षा चूक है और इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क के पीछे शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




