कथित आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में महाराष्ट्र साइबर सेल के सामने पेश हुए हनी सिंह

करीब दो घंटे तक दर्ज हुआ बयान, कॉन्सर्ट में कही बात को लेकर चल रही जांच

मुंबई। रैपर और म्यूजिक प्रोड्यूसर यो यो हनी सिंह, जिनका असली नाम हिरदेश सिंह है, शुक्रवार 16 अक्टूबर को महाराष्ट्र साइबर सेल के सामने पेश हुए। जांच अधिकारियों ने उनसे एक कॉन्सर्ट के दौरान की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पूछताछ की। करीब दो घंटे तक उनका बयान दर्ज किया गया, जिसके बाद वह कड़ी सुरक्षा के बीच वहां से रवाना हो गए। बताया गया है कि हनी सिंह ने पूछताछ के लिए 22 अक्टूबर को पेश होने की अनुमति मांगी थी, लेकिन जांच एजेंसी ने उनकी मांग स्वीकार नहीं की और तय तारीख पर ही उपस्थित होने को कहा। इसके बाद वह 16 अक्टूबर को साइबर सेल कार्यालय पहुंचे। महाराष्ट्र साइबर सेल के सूत्रों के मुताबिक, हनी सिंह को इस मामले में कई बार समन भेजे गए थे, लेकिन वह पहले तय तारीखों पर पेश नहीं हो सके। उन्होंने विदेश में होने का हवाला देते हुए अतिरिक्त समय मांगा था। इससे पहले उन्हें 5 अक्टूबर को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह उस दिन उपस्थित नहीं हुए। सितंबर में जारी नोटिस में उन्हें मुंबई के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर स्थित महाराष्ट्र साइबर सेल कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए गए थे। एजेंसी ने इसे अंतिम रिमाइंडर बताया था। अब 16 अक्टूबर को पेश होने के बाद उनका बयान दर्ज कर लिया गया है।
जनवरी के कॉन्सर्ट से जुड़ा है मामला
मामला जनवरी 2026 में दिल्ली में आयोजित रैपर्स नानकू और करुण के एक कॉन्सर्ट से जुड़ा है, जिसमें हनी सिंह भी शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने दिल्ली की ठंड का जिक्र करते हुए गाड़ी में इंटीमेट होने से संबंधित कथित टिप्पणी की थी। इसी दौरान उन्होंने कंडोम के इस्तेमाल और सुरक्षित यौन संबंधों की बात भी कही थी। कॉन्सर्ट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुंबई के एक शिकायतकर्ता ने महाराष्ट्र साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। इसी शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई और हनी सिंह को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया।
हनी सिंह ने पहले दी थी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद हनी सिंह ने वीडियो जारी कर अपनी टिप्पणी पर सफाई दी थी। उनका कहना था कि उनका उद्देश्य युवाओं को सुरक्षित यौन संबंधों और कंडोम के इस्तेमाल के प्रति जागरूक करना था। उन्होंने यह भी कहा था कि कुछ दिन पहले उनकी मुलाकात स्त्री रोग विशेषज्ञों और सेक्सोलॉजिस्ट से हुई थी, जहां युवाओं में असुरक्षित यौन संबंधों के कारण फैलने वाले संक्रमणों को लेकर चर्चा हुई थी। हनी सिंह ने स्वीकार किया था कि अपनी बात रखने के लिए इस्तेमाल की गई भाषा कुछ लोगों को आपत्तिजनक लगी और इसके लिए उन्होंने माफी भी मांगी थी। साथ ही भविष्य में शब्दों के इस्तेमाल को लेकर अधिक सावधानी बरतने की बात कही थी। फिलहाल महाराष्ट्र साइबर सेल मामले की जांच जारी रखे हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *