राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने सेवाभावी संस्थाओं का किया दौरा, बच्चों और दिव्यांगों से किया संवाद

मुंबई। राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने सोमवार को महालक्ष्मी स्थित किंग जॉर्ज पंचम मेमोरियल ट्रस्ट का दौरा किया। उन्होंने ट्रस्ट परिसर में संचालित विभिन्न सेवाभावी संस्थाओं के कार्यों की जानकारी ली और वहां उपचार, प्रशिक्षण एवं पुनर्वास प्राप्त कर रहे बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों तथा बौद्धिक एवं बहुविकलांग व्यक्तियों से संवाद किया।
राज्यपाल ने सबसे पहले ‘सुकून निलाय पैलिएटिव केयर’ केंद्र का दौरा किया, जहां कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे अंतिम अवस्था के बच्चों और वरिष्ठ मरीजों की देखभाल की जाती है। इसके बाद उन्होंने ‘वात्सल्य फाउंडेशन’ पहुंचकर अनाथ, असुरक्षित और सड़क पर रहने वाले बच्चों के संरक्षण एवं विकास से जुड़े कार्यों की जानकारी ली। राज्यपाल ने ‘बाल आशा धाम’ का भी दौरा किया, जहां अनाथ और परित्यक्त बच्चों के लिए आवासीय सुविधाओं के साथ दत्तक सेवा उपलब्ध कराई जाती है। राज्यपाल ने ‘ओम क्रिएशन्स’ संस्था में बौद्धिक दिव्यांग और बहुविकलांग व्यक्तियों से मुलाकात कर उनके प्रशिक्षण एवं पुनर्वास गतिविधियों का अवलोकन किया। किंग जॉर्ज पंचम मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. एरिक बोर्जेस ने राज्यपाल को ट्रस्ट की विभिन्न गतिविधियों और भविष्य की विस्तार योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर मुंबई महानगरपालिका की अतिरिक्त आयुक्त प्राजक्ता लवंगारे वर्मा, ट्रस्ट के न्यासी चेतन रायकर, भावना रॉय और अनिल कामत, वात्सल्य फाउंडेशन की न्यासी स्वाती मुखर्जी, बाल आशा धाम के कार्यकारी निदेशक सुनील अरोरा तथा ओम क्रिएशन्स ट्रस्ट की संस्थापक डॉ. राधिका खन्ना सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
