
मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सहार पुलिस ने चार नेपाली नागरिकों को फर्जी रोजगार वीजा के आधार पर विदेश जाने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जोगिंद्र विष्णु दास, अनीश कुमार सीजे दास, सिंधु कुमार उपेंद्र झा और झगडू राम शोभित दास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये चारों व्यक्ति दुबई और दोहा के लिए उड़ान पकड़ने वाले थे। इमिग्रेशन जांच के दौरान अधिकारियों को उनके दस्तावेजों पर संदेह हुआ, जिसके बाद पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे एक एजेंट के निर्देश पर नेपाल से पटना और फिर मुंबई पहुंचे थे। इमिग्रेशन अधिकारी राधा रेशमजी मोरे की शिकायत के आधार पर सहार पुलिस ने मामला दर्ज किया। दूतावास से ईमेल के जरिए वीजा का सत्यापन करवाया गया, जिसमें पुष्टि हुई कि प्रस्तुत किए गए सभी रोजगार वीजा फर्जी हैं। यह घटना पिछले एक सप्ताह के भीतर इस तरह की दूसरी घटना है। इससे पहले 26 मई को भी छह नेपाली नागरिकों को इसी तरह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। सहार पुलिस ने एजेंट की पहचान और इस रैकेट के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मानव तस्करी से जुड़ा संगठित नेटवर्क हो सकता है, जो आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को विदेश नौकरी का लालच देकर ठग रहा है। पुलिस ने आरोपियों को भारतीय दंड संहिता और पासपोर्ट अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत हिरासत में लिया है। अदालत में पेशी के बाद उन्हें पुलिस कस्टडी में भेजा गया है।




