
दैनिक स्वर्णिम प्रदेश कार्यालय में पिछले 10 दिनों से जारी है वितरण अभियान, 100 अन्य जरूरतमंद बच्चों तक भी जल्द पहुंचेगी सहायता
मुंबई। साहित्यिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक क्षेत्रों में पिछले 14 वर्षों से सक्रिय संस्था कला दर्पण फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग के उद्देश्य से निःशुल्क नोटबुक वितरण अभियान चलाया जा रहा है। पिछले 10 दिनों से खार पूर्व में स्थित दैनिक स्वर्णिम प्रदेश कार्यालय में जारी इस अभियान के तहत अब तक करीब 300 जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क नोटबुक वितरित की जा चुकी हैं। संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराकर उनकी पढ़ाई में सहयोग करना है। इसी उद्देश्य को लेकर संस्था के पदाधिकारी जरूरतमंद बच्चों की पहचान कर उन्हें निःशुल्क नोटबुक उपलब्ध करा रहे हैं। कला दर्पण फाउंडेशन ट्रस्ट के पदाधिकारियों के अनुसार, संस्था के पास करीब 100 अन्य जरूरतमंद विद्यार्थियों का विवरण भी उपलब्ध है। इन बच्चों तक शैक्षणिक सहायता पहुंचाने के लिए संस्था के पदाधिकारी लगातार कार्य कर रहे हैं और जल्द ही उन्हें भी निःशुल्क नोटबुक वितरित की जाएंगी। संस्था का मानना है कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी बच्चे की शिक्षा प्रभावित नहीं होनी चाहिए। विद्यार्थियों को समय पर आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने से न केवल उनकी पढ़ाई में सहायता मिलती है, बल्कि उनका आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति उत्साह भी बढ़ता है। कला दर्पण फाउंडेशन ट्रस्ट पिछले 14 वर्षों से साहित्यिक, सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियों एवं जनहित से जुड़े कार्यों के माध्यम से समाज में अपनी भूमिका निभा रहा है। जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए शुरू किया गया यह नोटबुक वितरण अभियान भी संस्था की सामाजिक एवं शैक्षणिक जिम्मेदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि शेष जरूरतमंद विद्यार्थियों तक भी जल्द नोटबुक पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को इस अभियान का लाभ मिल सके।



