Hometrendingविद्यालय और समुदाय के बीच सशक्त सेतु बनीं छात्राएँ, घर-घर हस्ताक्षर अभियान...

विद्यालय और समुदाय के बीच सशक्त सेतु बनीं छात्राएँ, घर-घर हस्ताक्षर अभियान से जगाई जनजागरूकता

शांति सोनी के मार्गदर्शन में शिक्षा, जल संरक्षण, नशा मुक्ति और मासिक धर्म स्वच्छता पर चला व्यापक अभियान, छात्राओं ने जुटाए हजारों हस्ताक्षर

सुनील चिंचोलकर
बिलासपुर,छत्तीसगढ़।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महमंद, विकासखंड बिल्हा, जिला बिलासपुर में व्याख्याता एवं नवाचारी शिक्षिका शांति सोनी के मार्गदर्शन में विद्यालय–समुदाय सहभागिता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन, जल संचयन–जल संरक्षण तथा “नशा छोड़ो–जीवन जोड़ो” जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य शिक्षा के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना, सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना तथा विद्यालय और समुदाय के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करना है। अभियान के अंतर्गत कक्षा 11वीं की छात्राएँ राधिका निषाद, ममता चौहान एवं हेमलता तथा कक्षा 9वीं की छात्रा दीपा साहू ने अपने अभिभावकों और ग्रामवासियों के सहयोग से घर-घर जाकर लोगों से संवाद स्थापित किया। छात्राओं ने विद्यालय की गतिविधियों, शिक्षा के महत्व और सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेशों का प्रचार करते हुए बड़ी संख्या में हस्ताक्षर एकत्रित किए। अभियान की उल्लेखनीय उपलब्धि यह रही कि राधिका निषाद ने अकेले 2,000 से अधिक हस्ताक्षर एकत्र किए। वहीं दीपा साहू ने अपनी माता श्रीमती रूपवती साहू के सहयोग से 2,000 से अधिक हस्ताक्षर जुटाकर प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। अन्य छात्राओं ने भी पूरे उत्साह के साथ अभियान में भाग लेकर जनसंपर्क एवं हस्ताक्षर संग्रह में महत्वपूर्ण योगदान दिया। शांति सोनी ने कहा कि जब विद्यार्थी विद्यालय की चारदीवारी से बाहर निकलकर समाज के बीच सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनते हैं, तभी शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य सार्थक होता है। उन्होंने कहा कि यह अभियान विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने की दिशा में एक प्रभावी पहल है, जिसे ग्रामीण समुदाय का भरपूर सहयोग और समर्थन मिल रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments