मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपये की तत्काल सहायता का ऐलान

मुंबई। कुर्ला (पश्चिम) के नौपाड़ा इलाके में रविवार दोपहर एक दुकान पर अचानक पेड़ की भारी शाखा गिरने से 63 वर्षीय स्थानीय निवासी यूनुस कुंडावाला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने तुरंत घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मेयर रितु तावड़े ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए 5 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। मेयर ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और शिकायतें भी सुनीं। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कुर्ला सहित पूरे मुंबई में सभी पेड़ों का तत्काल ट्री ऑडिट कराया जाएगा। जहां भी आवश्यकता होगी, वहां युद्धस्तर पर पेड़ों की छंटाई और सुरक्षा संबंधी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने महानगरपालिका प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान मेयर के साथ स्थानीय नगरसेवक एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष हरीश भांदिर्गे, नगरसेवक नितेश सिंह, महानगरपालिका के संबंधित अधिकारी तथा स्थानीय पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।



