
14 और 15 जनवरी 2026 को नहीं होगा कोई नियमित कामकाज
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव प्रक्रिया के मद्देनज़र क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, मुंबई (मध्य) बुधवार 14 जनवरी 2026 और गुरुवार 15 जनवरी 2026 को बंद रहेगा। इस अवधि में नागरिकों का आरटीओ से संबंधित कोई भी नियमित कार्य नहीं किया जाएगा, यह जानकारी परिवहन विभाग की ओर से दी गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार पंचायत और नगरपालिका चुनावों के लिए आवश्यक कर्मचारियों, इमारतों और वाहनों के अधिग्रहण का अधिकार संबंधित चुनाव अधिकारियों को दिया गया है। इसी के तहत उप निर्वाचन अधिकारी, बृहन्मुंबई महानगरपालिका द्वारा 15 जनवरी 2026 को होने वाले महानगरपालिका चुनाव की मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, मुंबई (मध्य) की इमारत और परिसर को दो दिनों के लिए अधिग्रहित किया गया है। इसके चलते 14 और 15 जनवरी 2026 को आरटीओ मुंबई (मध्य) की सभी सेवाएं और कार्यालयीन कामकाज पूरी तरह से बंद रहेंगे। नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस सूचना पर ध्यान दें और आरटीओ से संबंधित अपने कार्य वैकल्पिक तिथियों में पुनर्निर्धारित करें।




