Homeउत्तर प्रदेशमुक्तिधाम मार्ग पर जलभराव और टूटी सड़क की शिकायत पर डीएम ने...

मुक्तिधाम मार्ग पर जलभराव और टूटी सड़क की शिकायत पर डीएम ने लिया संज्ञान, पानी फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश

देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। झांसी जिले जिलाधिकारी गौरंग राठी ने जनसंवाद कार्यक्रम के तहत तहसील टहरौली की ग्राम पंचायत ढुरबई के ग्राम मवई में मुक्तिधाम तक जाने वाले मार्ग की खराब स्थिति और जलभराव की शिकायत का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामवासियों वृंदावन, मिथिलेश, सुरेंद्र कुमार और सचिन ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि बालाराम के मकान से मुक्तिधाम तक बनी सीसी सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है तथा दोनों ओर की नालियां क्षतिग्रस्त होने से मार्ग पर लगातार पानी भरा रहता है। इससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों और राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि इस संबंध में पहले भी संपूर्ण समाधान दिवस में आवेदन दिया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। जनसंवाद के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार, ग्राम पंचायत सचिव, उपजिलाधिकारी और तहसीलदार से स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने शिकायत को प्रथम दृष्टया सही बताते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मार्ग की वास्तविक स्थिति दिखाई। जांच में पाया गया कि आबादी क्षेत्र के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर जलभराव बना हुआ है। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को निर्देश दिया कि सड़क पर पानी फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध धारा-152 के तहत कार्रवाई कर पाबंद किया जाए तथा गांव में पानी निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पंचायत सचिव को निर्देश दिए कि नाली और सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल करते हुए खंड विकास अधिकारी के माध्यम से मुख्य विकास अधिकारी को भेजा जाए, ताकि समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें, जिससे जनता का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (न्याय) अरुण कुमार गौड़, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर आकाश रंजन तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments