
मुंबई। महाराष्ट्र के दोनों दिग्गज नेताओं का जन्मदिन 22 जुलाई को है, और इस अवसर पर रात्रिभोज का आयेाजत किया गया था लेकिन रायगढ़ के इरशालवाड़ी में आई इस प्राकृतिक आपदा के बाद महाराष्ट्र के दोनों उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार ने अपना जन्मदिन नहीं मनाने का निर्णय किया है। इस दुखद घटना पर उपमुख्यमंत्री ने दुख जताया था और बताया था कि बचाव कार्य तेजी से किया जा रहा है। बता दें महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले इरशालवाड़ी गांव में भूस्खलन के बाद भयंकर तबाही मची हुई है, इस घटना में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है और इरशालवाड़ी गांव के अभी भी कई लोग लापता है जिनके इस मलबे में दबे होने की संभावना है।
आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) बचाव कार्य के साथ मलबे में दबे हुए लोगों की तलाश कर रही है। इस इलाके में आई इस प्राकृतिक आपदा के बाद रायगढ़ में आज रेड अलर्ट जारी कर दिया है। याद रहे इस भूस्खलन में कई गांव के कई घर दब गए थे। जिसमें लोगों के दबे होने की संभावना है, इसलिए दूसरे दिन भी एनडीआरएफ की टीम का सर्च ऑपरेशन जारी है।