Homeउत्तर प्रदेशगंगा किनारे खंती में मिला वृद्ध का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

गंगा किनारे खंती में मिला वृद्ध का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में गंगा किनारे एक खंती से 65 वर्षीय वृद्ध का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक रविवार शाम घर से बकरियां चराने निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। जानकारी के अनुसार, गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फत्तेपुर मजरा रौतापुर निवासी राजा पासी (65) पुत्र स्वर्गीय कुंजा पासी रविवार शाम बकरियां चराने के लिए घर से निकले थे। काफी समय बीत जाने के बाद जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान देर रात ग्रामीणों ने हाजीपुर के पास गंगा किनारे स्थित एक खंती में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान राजा पासी के रूप में की गई। घटना की जानकारी मिलते ही हाजीपुर चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बकरियां चराने के दौरान वृद्ध का पैर फिसल गया और वह खंती में गिर पड़े, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि घटनास्थल पर संघर्ष या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि के तत्काल कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। सोमवार दोपहर मोर्चरी हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि राजा पासी अपने पीछे चार पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। गंगाघाट कोतवाली प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। यदि जांच के दौरान कोई अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments