
पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान
मुंबई। बढ़ते प्रदूषण, बदलते मौसम और तेज़ी से हो रहे शहरीकरण के बीच पर्यावरण संरक्षण के लिए हर नागरिक को ‘वसुंधरा रक्षक’ बनने का आह्वान राज्य की पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे ने किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनआंदोलन का रूप लेना चाहिए।
वसुंधरा रक्षक अभियान 2026 का शुभारंभ
जागतिक वसुंधरा दिन के अवसर पर राज्य के पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ‘वसुंधरा रक्षक अभियान 2026’, ‘महा-आरपीईटी अभियान’, राज्य वातावरणीय कृती कक्ष की वेबसाइट और ‘इमिशन ट्रेडिंग स्कीम’ प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। इस दौरान अभियान का लोगो भी जारी किया गया, जिसे स्वयं मंत्री पंकजा मुंडे ने डिजाइन किया है। कार्यक्रम में महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अध्यक्ष सिद्धेश कदम, विभाग की सचिव जयश्री भोज, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि, उद्योग जगत के अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।
‘वसुंधरा’ हमारी मां, संरक्षण हमारी जिम्मेदारी
मंत्री पंकजा मुंडे ने ‘वसुंधरा’ को मातृत्व से जोड़ते हुए कहा कि पृथ्वी केवल एक ग्रह नहीं, बल्कि हमारी मां है, जिसकी रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि विकास और औद्योगिकीकरण के साथ बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए संतुलित विकास की दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
हर गांव-वार्ड में तैयार होंगे ‘वसुंधरा वॉरियर्स’
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत राज्यभर में ‘वसुंधरा वॉरियर्स’ तैयार किए जाएंगे, जो प्रदूषण के खिलाफ काम करेंगे। नागरिकों से पेड़ लगाने, कचरा पृथक्करण और प्लास्टिक के उपयोग में कमी जैसे कदम उठाने की अपील की गई।
प्लास्टिक प्रबंधन पर ‘महा-आरपीईटी’ का जोर
‘महा-आरपीईटी’ अभियान के तहत ‘रिड्यूस, रियूज, रिसायकल और रिथिंक’ के सिद्धांतों को अपनाने पर जोर दिया गया। प्लास्टिक कचरे के पुनर्वापर और उत्पादकों की जिम्मेदारी तय करने की दिशा में इसे अहम पहल बताया गया। मंत्री ने कहा कि इस तरह का उपक्रम लागू करने वाला महाराष्ट्र देश का पहला राज्य है।
इमिशन ट्रेडिंग स्कीम से औद्योगिक प्रदूषण पर नियंत्रण
औद्योगिक प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए ‘इमिशन ट्रेडिंग स्कीम’ को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि यह सल्फर डाइऑक्साइड उत्सर्जन को नियंत्रित करने में सहायक होगी। उद्योगों के आपसी सहयोग से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
व्हाट्सऐप कम्युनिटी से युवाओं तक संदेश
महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अध्यक्ष सिद्धेश कदम ने कहा कि ‘वसुंधरा रक्षक’ व्हाट्सऐप कम्युनिटी के माध्यम से पर्यावरण का संदेश खासकर युवाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य के लगभग 100 उद्योग इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं और भविष्य में इसका विस्तार किया जाएगा।
डेटा और एआई से पर्यावरण प्रबंधन को बढ़ावा
विभाग की सचिव जयश्री भोज ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण अब केवल नीतियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सार्वजनिक स्वास्थ्य, जीवन स्तर और भविष्य की पीढ़ियों से जुड़ा मुद्दा है। आने वाले समय में डेटा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग भी इस दिशा में किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में मंत्री पंकजा मुंडे, सिद्धेश कदम और जयश्री भोज ने क्यूआर कोड के माध्यम से ‘वसुंधरा रक्षक’ व्हाट्सऐप कम्युनिटी से जुड़कर सभी नागरिकों से इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की।




