Saturday, April 18, 2026
Google search engine
HomeCrimeघाटकोपर में चेन स्नैचिंग नाकाम, सिपाही रविंद्र कुऱ्हे की बहादुरी से आरोपी...

घाटकोपर में चेन स्नैचिंग नाकाम, सिपाही रविंद्र कुऱ्हे की बहादुरी से आरोपी गिरफ्तार

इंद्र यादव/ मुंबई। घाटकोपर के पंतनगर इलाके में मुंबई पुलिस के एक जांबाज सिपाही ने अपनी सतर्कता और बहादुरी से चेन स्नैचिंग की वारदात को नाकाम कर दिया। इस घटना ने जहां इलाके में सनसनी फैलाई, वहीं पुलिस की मुस्तैदी की मिसाल भी पेश की। तड़के बुधवार सुबह हुई इस घटना में 74 वर्षीय किशोरी मेहता पंतनगर के पुष्पविहार जंक्शन से गुजर रही थीं। तभी बाइक सवार दो झपटमारों- इरफान और मोहम्मद अली शौकत अली मिर्ज़ा ने उन पर हमला कर गले से सोने की चेन छीन ली और फरार होने लगे। इसी दौरान गश्त पर तैनात पंतनगर पुलिस स्टेशन के सिपाही रविंद्र कुऱ्हे की नजर आरोपियों पर पड़ी। बिना देर किए उन्होंने बदमाशों का पीछा किया और फिल्मी अंदाज में चलती बाइक पर झपट्टा मार दिया। उनकी मजबूत पकड़ के चलते आरोपी मोहम्मद अली बाइक से गिर पड़ा और मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। यह पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें सिपाही कुऱ्हे की तेज़ी और साहस साफ नजर आता है। पुलिस ने आरोपी के पास से छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गोवंडी के रफीक नगर निवासी मोहम्मद अली शौकत अली मिर्ज़ा (19 वर्ष) के रूप में हुई है। मुंबई पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है (केस नंबर 365/26)। इस बहादुरी भरे कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक लता सुतार ने सिपाही रविंद्र कुऱ्हे का सम्मान किया। स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की और कहा कि ऐसे जांबाज सिपाहियों की वजह से ही शहर सुरक्षित है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी इरफान की तलाश में जुटी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने का दावा किया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments