पत्नी से छिपानी थी महिला दोस्त संग विदेश यात्रा, कारोबारी ने रच दी ‘इमिग्रेशन’ की कहानी

फोन बंद हुआ तो पत्नी ने दर्ज करा दी अपहरण की एफ़आईआर, सहार पुलिस की जांच में सामने आया मामला, अब कोर्ट में दाखिल होगी ‘सी समरी’ रिपोर्ट

मुंबई। पत्नी से महिला दोस्त के साथ विदेश यात्रा की बात छिपाने की कोशिश पुणे के एक 46 वर्षीय कारोबारी को भारी पड़ गई। मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कुआलालंपुर जाने की योजना रद्द होने के बाद कारोबारी ने कथित तौर पर पत्नी को इमिग्रेशन से जुड़ी ऐसी कहानी सुनाई कि मामला आखिरकार अपहरण की एफ़आईआर तक पहुंच गया। सहार पुलिस ने जांच शुरू की तो कहानी की परतें खुलती चली गईं और आखिरकार कारोबारी खुद पुलिस स्टेशन पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक, लॉन्ड्री व्यवसाय से जुड़े कारोबारी ने 14 सितंबर को एक महिला परिचित के साथ कुआलालंपुर जाने की योजना बनाई थी। दोनों मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे, लेकिन इमिग्रेशन जांच के दौरान महिला के पासपोर्ट को लेकर समस्या सामने आ गई। पुलिस का कहना है कि महिला के पास एक पुराना पासपोर्ट था, जिसे उसने पहले खोया हुआ बताया था। इमिग्रेशन अधिकारियों के सामने यह मामला आने के बाद दोनों की तय विदेश यात्रा नहीं हो सकी।
पत्नी को बताया- इमिग्रेशन वालों ने मोबाइल जमा करा लिया
पुलिस के अनुसार, कारोबारी को डर था कि घर लौटने पर पत्नी को पता चल जाएगा कि उसने महिला परिचित के साथ कुआलालंपुर जाने की योजना बनाई थी। कथित तौर पर इसी बात को छिपाने के लिए उसने इमिग्रेशन संबंधी परेशानी की कहानी बनाई। एयरपोर्ट से बाहर निकलने से पहले उसने कथित तौर पर लैंडलाइन फोन से पत्नी को कॉल किया और बताया कि इमिग्रेशन से जुड़ी समस्या के कारण उसका मोबाइल फोन अधिकारियों के पास जमा हो गया है। इसके बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, कारोबारी इसके बाद महिला परिचित के साथ छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) की ओर चला गया। अगले दिन उसने कथित तौर पर पत्नी को WhatsApp पर वीडियो कॉल भी किया और कुछ समय तक बातचीत की। इस दौरान भी उसने इमिग्रेशन वाली बात दोहराई। बाद में जब पत्नी का उससे संपर्क नहीं हो सका तो उसकी चिंता बढ़ गई।
पत्नी पहुंची पुलिस के पास, दर्ज हो गई अपहरण की एफ़आईआर
पति से संपर्क नहीं होने और उसकी बताई परिस्थितियों को संदिग्ध मानते हुए पत्नी सहार पुलिस स्टेशन पहुंची। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर कारोबारी की तलाश शुरू कर दी। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग जानकारियां मिलीं। पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज होने के बाद बुधवार रात कारोबारी खुद सहार पुलिस स्टेशन पहुंचा। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि महिला परिचित के साथ प्रस्तावित कुआलालंपुर यात्रा की वास्तविक परिस्थितियां पत्नी से छिपाने के लिए उसने इमिग्रेशन संबंधी कहानी बनाई थी।
अब कोर्ट में जाएगी ‘सी समरी’
पुलिस का कहना है कि जांच में अपहरण की घटना नहीं मिलने के कारण मामले को बंद करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कारोबारी के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर सहार पुलिस करीब दो सप्ताह के भीतर अदालत में ‘सी समरी’ क्लोजर रिपोर्ट दाखिल करने की तैयारी कर रही है। पत्नी से एक विदेश यात्रा की बात छिपाने के लिए कथित तौर पर गढ़ी गई कहानी ने न केवल परिवार को परेशान किया, बल्कि पुलिस को भी अपहरण की जांच में जुटा दिया। आखिरकार जिस ‘इमिग्रेशन समस्या’ के पीछे कारोबारी के गायब होने की कहानी बताई जा रही थी, पुलिस जांच में मामला कुछ और ही निकला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *