
मुंबई/इंद्र यादव। मुंबई पुलिस एक बार फिर रिश्वतखोरी के गंभीर आरोपों से घिर गई है। खार पुलिस स्टेशन में तैनात एक पुलिस हवलदार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मी ने एक नागरिक से उसकी बेटी के पासपोर्ट वेरिफिकेशन के बदले रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय सीधे ACB से संपर्क किया, जिसके बाद पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अपनी बेटी के पासपोर्ट वेरिफिकेशन के सिलसिले में खार पुलिस स्टेशन गया था। इसी दौरान वहां तैनात पुलिस हवलदार बसवराज म्यामीननाथ धामगुंडे ने काम करने के एवज में ₹2,000 की रिश्वत मांगी। बाद में बातचीत के बाद ₹1,000 में सौदा तय हुआ। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, इसलिए उसने 18 मई 2026 को वर्ली स्थित ACB कार्यालय में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई।शिकायत मिलने के बाद ACB ने पंच गवाहों की मौजूदगी में शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद ACB ने जाल बिछाया। तय योजना के मुताबिक जब शिकायतकर्ता पैसे देने पहुंचा, तब आरोपी पुलिसकर्मी बसवराज धामगुंडे ने खुद पैसे लेने के बजाय अपने एक निजी दलाल संजित कुमार को रकम लेने के लिए आगे किया। जैसे ही संजित कुमार ने ₹1,000 की रिश्वत राशि स्वीकार की, पहले से घात लगाए बैठी ACB टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मुख्य आरोपी पुलिस हवलदार बसवराज धामगुंडे को भी हिरासत में ले लिया गया।ACB ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी बसवराज धामगुंडे खार पुलिस स्टेशन में पुलिस हवलदार के पद पर कार्यरत था, जबकि संजित कुमार उसका निजी सहयोगी बताया जा रहा है।यह कार्रवाई ट्रैप ऑफिसर पुलिस निरीक्षक श्रीमती रेखाबाई दूधभाते और पर्यवेक्षक अधिकारी सहायक पुलिस आयुक्त श्री सुनील हरगुडे की टीम ने अपर पुलिस आयुक्त श्री संदीप दिवाण के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक अंजाम दी।कार्रवाई के बाद ACB ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी भी काम के लिए रिश्वत मांगता है, तो बिना डरे इसकी शिकायत करें। शिकायत के लिए ACB ने टोल-फ्री नंबर 1068, टेलीफोन नंबर 022-24921212 / 24922618, व्हाट्सएप नंबर 8828241064 और आधिकारिक वेबसाइट का संपर्क उपलब्ध कराया है।




