निरीक्षण के बाद एक्शन में बीएमसी: साबू सिद्दीक मार्ग और मनीष मार्केट परिसर से हटाए गए 92 अवैध स्टॉल
‘पैदल यात्री पहले’ अभियान के तहत अतिक्रमण पर चला बीएमसी का बुलडोजर, 750 वर्ग फुट के गोदाम पर भी कार्रवाई

मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को ‘ए’ विभाग के साबू सिद्दीक मार्ग, मुसाफिरखाना और मनीष मार्केट परिसर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की। बीएमसी के परिरक्षण एवं अतिक्रमण निर्मूलन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर कुल 92 अनधिकृत स्टॉलों को हटाया। इसके अलावा 750 वर्ग फुट क्षेत्र में बने एक गोदाम पर भी कार्रवाई की गई। इस अभियान के दौरान तिरपाल, बांस, लोहे के पाइप और लोहे की चादरों से बनाए गए अस्थायी ढांचों को हटाया गया। साथ ही लोहे के पक्के स्टॉलों सहित अन्य अनधिकृत निर्माणों को भी ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा लवंगारे के आदेश और उपायुक्त (परिमंडल-1) चंदा जाधव के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में ‘ए’ विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। उपायुक्त चंदा जाधव ने बताया कि मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को जनप्रतिनिधियों के साथ साबू सिद्दीक मार्ग और मुसाफिरखाना परिसर का निरीक्षण किया गया था। इस दौरान ‘ए’ विभाग के सहायक आयुक्त उज्ज्वल इंगोले, सहायक अभियंता (परिरक्षण), वरिष्ठ निरीक्षक (अनुज्ञापन) और वरिष्ठ निरीक्षक (अतिक्रमण निर्मूलन) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए निर्देशों के आधार पर तथा बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे की संकल्पना वाले ‘पैदल यात्री पहले’ अभियान के अंतर्गत बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। चंदा जाधव के अनुसार, साबू सिद्दीक मार्ग, मुसाफिरखाना और आसपास के इलाकों में फुटपाथ तथा सार्वजनिक स्थानों पर बने 92 अनधिकृत स्टॉलों को हटाया गया। इस दौरान अस्थायी ढांचों के साथ पक्के निर्माणों पर भी कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त 750 वर्ग फुट के एक गोदाम को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया।
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए माता रमाबाई आंबेडकर मार्ग पुलिस थाने की ओर से पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया था। इसमें तीन पुलिस निरीक्षक, तीन उपनिरीक्षक और 30 पुलिसकर्मी शामिल थे। बीएमसी की इस कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त करना और पैदल यात्रियों के लिए रास्तों को सुगम बनाना बताया गया है।
