बांगरमऊ में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल रेफर
बाइक की टक्कर से युवक घायल, दूसरे हादसे में चलती बाइक पर बंदर कूदने से दो लोग हुए जख्मी

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। क्षेत्र के ग्राम खानपुर कुरौली निवासी मोहम्मद फारूक पुत्र महबूब अली अपनी रिश्तेदारी में ग्राम इब्राहिमपुर गया था। वहां से वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कलवारी मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रहे एक बाइक सवार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में फारूक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दूसरी घटना में क्षेत्र के ग्राम तेरवा जहांगीराबाद निवासी कपिल यादव पुत्र गया सिंह और रमेश चंद्र पुत्र राजकुमार बाइक से कहीं जा रहे थे। रास्ते में पेड़ पर बैठा एक बंदर अचानक उनकी चलती बाइक पर कूद पड़ा। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
