
मुंबई (इंद्र यादव)। ठाणे पुलिस की क्राइम ब्रांच (यूनिट-3, कल्याण) ने अंडरवर्ल्ड स्टाइल में की गई एक बड़ी कार्रवाई में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सुरेंद्र पांडुरंग पाटिल (55) को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में हथियार और नकदी बरामद की है। यह छापेमारी डोंबिवली (पूर्व) के दावडी इलाके में स्थित ‘श्री धनलक्ष्मी अपार्टमेंट’ में की गई, जहां आरोपी अपने फ्लैट में हथियारों का जखीरा छिपाकर रखे हुए था।क्राइम ब्रांच को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को घेरा। तलाशी के दौरान शुरुआत में कुछ खास नहीं मिला, लेकिन बेडरूम की अलमारी की गहन जांच में एक ‘सीक्रेट चैंबर’ का खुलासा हुआ। अलमारी के भीतर बनाए गए इस गुप्त खाने को खोलते ही पुलिस दंग रह गई—अंदर आधुनिक पिस्टल, देसी कट्टे और सैकड़ों कारतूस छिपाकर रखे गए थे।पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 12 लाख 21 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। बरामद सामान में 3 देसी पिस्टल, 1 सिक्सर रिवॉल्वर, 7 देसी कट्टे, 2 एयर गन, 405 जिंदा कारतूस, 167 छर्रे, 1 खाली मैगजीन, 2 तलवारें, 3 चॉपर (कोयते), 1 बड़ा छुरा, 1 बटन वाला चाकू, 2 लोहे की रॉड और 3.52 लाख रुपये नकद शामिल हैं। इसके अलावा 2 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।गिरफ्तार आरोपी सुरेंद्र पाटिल का आपराधिक इतिहास भी बेहद लंबा है। उसके खिलाफ अब तक 13 मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, रंगदारी, मारपीट, आर्म्स एक्ट के उल्लंघन, धमकी, जालसाजी और बिजली चोरी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।इस कार्रवाई को पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) पंजाबराव उगले, पुलिस उपायुक्त अमर सिंह जाधव और सहायक पुलिस आयुक्त शेखर बागडे के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। ऑपरेशन का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अजित शिंदे ने किया, जिसमें एपीआई संजयराव पाटिल और उनकी टीम शामिल रही।आरोपी के खिलाफ मानपाडा पुलिस स्टेशन में भारतीय शस्त्र अधिनियम और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों का स्रोत क्या है और आरोपी के संबंध किन आपराधिक गिरोहों से जुड़े हुए हैं।




